फगवाड़ा , जून 27 -- पंजाब में फगवाड़ा शहर में लंबे समय से रेलवे फाटकों पर लगने वाले ट्रैफिक जाम से जल्द राहत मिलने की उम्मीद है। रेलवे मंत्रालय ने शहर के विभिन्न रेलवे क्रॉसिंगों पर अंडरब्रिज और ओवरब्रिज निर्माण की कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं को मंजूरी दे दी है।
पूर्व केंद्रीय मंत्री सोम प्रकाश ने शनिवार को प्रेस वार्ता में बताया कि फगवाड़ा-लुधियाना रेल मार्ग पर बार-बार रेलवे फाटक बंद रहने से लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता था। इस समस्या को लेकर लगातार रेलवे मंत्रालय के समक्ष मामला उठाया गया, जिसके बाद इन परियोजनाओं को स्वीकृति मिली। उन्होंने बताया कि गोबिंदपुरा से इंडस्ट्रियल एरिया को जोड़ने वाले रेलवे अंडरब्रिज को मंजूरी मिल गयी है। वर्षों से इस क्षेत्र के लोग इसकी मांग कर रहे थे, क्योंकि उन्हें श्मशान घाट तक जाने के लिए भी रेलवे लाइन पार करनी पड़ती थी। उन्होंने कहा कि इस अंडरब्रिज का निर्माण जल्द शुरू होगा।
श्री सोम प्रकाश ने बताया कि नंगल रेलवे अंडरब्रिज का कार्य पहले ही स्वीकृत हो चुका था, लेकिन पेड़ों की कटाई की अनुमति न मिलने के कारण इसमें देरी हुई। अब आवश्यक अनुमति मिलने के बाद निर्माण कार्य दोबारा शुरू हो गया है और जल्द पूरा होने की उम्मीद है। उन्होंने कहा कि शुगर मिल चौक के निकट सतनामपुरा अंडरपास को भी मंजूरी मिल गयी है। इससे सतनामपुरा और हडियाबाद के निवासियों व व्यापारियों को रेलवे लाइन पार करने में होने वाली परेशानी से राहत मिलेगी। इस मांग को लेकर पहले कई बार प्रदर्शन भी किये गये थे।
पूर्व केंद्रीय मंत्री ने बताया कि खेड़ा रोड रेलवे ओवरब्रिज को भी मंजूरी मिल चुकी है। पंजाब सरकार के साथ आवश्यक औपचारिकताएं पूरी होने के बाद इस परियोजना पर काम शुरू किया जाएगा। उन्होंने यह भी बताया कि मौली रेलवे अंडरब्रिज का निर्माण पहले ही पूरा हो चुका है, जिससे स्कूली विद्यार्थियों, कर्मचारियों और स्थानीय लोगों को सुरक्षित एवं सुगम आवागमन की सुविधा मिल रही है।
श्री सोम प्रकाश ने विश्वास जताया कि इन परियोजनाओं के पूरा होने से फगवाड़ा में ट्रैफिक जाम की समस्या काफी हद तक कम होगी, सड़क सुरक्षा बढ़ेगी और शहर की कनेक्टिविटी में उल्लेखनीय सुधार आएगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित