फगवाड़ा , सितंबर 18 -- अंबेडकर सेना मूल निवासी ने फगवाड़ा के गोल चौक का नाम 'संविधान चौक' रखने की मांग दोहराते हुए आम आदमी पार्टी के विधानसभा क्षेत्र प्रभारी डॉ. राज कुमार चब्बेवाल से मामले में हस्तक्षेप करने की अपील की है। संगठन के नेताओं ने शुक्रवार को कहा कि शहर में अलग से 'शहीद भगत सिंह चौक' भी विकसित किया जाना चाहिए, जिससे डॉ. बी.आर. आंबेडकर और शहीद भगत सिंह दोनों को सम्मान दिया जा सके। उन्होंने कहा कि संगठन लंबे समय से गोल चौक का नाम 'संविधान चौक' रखने की मांग कर रहा है, जबकि कुछ हिंदू संगठनों की ओर से इसका नाम 'शहीद भगत सिंह चौक' रखने की मांग की जाती रही है।

नेताओं ने कहा कि 2018 में नामकरण को लेकर फगवाड़ा में तनाव और हिंसा हुई थी। उन्होंने बताया कि इस संबंध में नगर निगम आयुक्त और महापौर को ज्ञापन भी दिए जा चुके हैं। संगठन ने सभी संबंधित पक्षों, शांति समिति और नामकरण प्रस्ताव का विरोध करने वाले संगठनों की संयुक्त बैठक बुलाकर संवाद के जरिए समाधान निकालने की मांग की। उन्होंने कहा कि मुद्दे को किसी पक्ष की जीत या हार के रूप में देखने के बजाय आपसी सहमति से समाधान किया जाना चाहिए, ताकि शहर में सामाजिक सौहार्द और शांति बनी रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित