नयी दिल्ली , मार्च 02 -- पश्चिम एशिया में जारी संकट के बीच फंसे भारतीयों को वहां से निकालने की कवायद शुरू हो गयी है। निजी विमान सेवा कंपनी इंडिगो मंगलवार को 10 विशेष उड़ानों का परिचालन शुरू करेगी जबकि एयर इंडिया एक्सप्रेस ने मस्कट के लिए नियमित उड़ानें शुरू करने की घोषणा की है।

इस बीच, एयर इंडिया ने 03 मार्च की आधी रात तक पश्चिम एशिया के लिए अपनी सभी उड़ानें रद्द रखने की बात कही है।

नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने सोमवार को बताया कि इंडिगो ने सऊदी अरब के शहर जेद्दा से 03 मार्च को 10 विशेष उड़ानों के परिचालन की योजना बनायी है, हालांकि इन उड़ानों को अभी नियामकीय मंजूरी मिलनी शेष हैं। एयरलाइन जेद्दा स्थित भारतीय वाणिज्य दूतावास से लगातार संपर्क में है।

मंत्रालय की प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया है, "फंसे यात्रियों को निकालने के लिए विशेष व्यवस्था की जा रही है। विमान सेवा कंपनियां आवश्यकता अनुसार अतिरिक्त उड़ानों का परिचालन कर रही हैं और यात्रियों की सुरक्षित वापसी के लिए विदेशी विमानन प्राधिकरणों तथा भारतीय मिशनों के साथ नजदीकी संयोजन में काम कर रही हैं।"इसमें बताया गया है कि संकटग्रस्त क्षेत्र में परिचालन करने वाली विदेशी विमान सेवा कंपनियां भी भारत के लिए सीमित उड़ानों का परिचालन कर रही हैं।

उल्लेखनीय है कि दुबई हवाई अड्डे ने सोमवार शाम को सीमित परिचालन शुरू किया है जिसमें भारत के पांच शहरों मुंबई, चेन्नई, दिल्ली, हैदराबाद और बेंगलुरु के लिए एमिरेट्स के विमान उड़ान भर रहे हैं।

एयर इंडिया समूह की एयर इंडिया एक्सप्रेस ने 03 मार्च से दिल्ली, कोच्चि, कोझिकोड, मेंगलुरु, मुंबई और तिरुचिरापल्ली से ओमान की राजधानी मस्कट के लिए नियमित उड़ानें शुरू करने की घोषणा की है। एयरलाइन के एक प्रवक्ता ने बताया कि मस्कट से एयर इंडिया एक्सप्रेस की पहली उड़ान स्थानीय समय के अनुसार मंगलवार सुबह 10.25 बजे तिरुचिरापल्ली के लिए रवाना होगी।

साथ ही उसने बहरीन, कुवैत, कतर, सऊदी अरब और संयुक्त अरब अमीरात की सभी उड़ानें मंगलवार रात 11.59 बजे तक के लिए रद्द कर दी है।

एयर इंडिया ने भी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में बताया कि उसने अमेरकी, कनाडा, यूरोप और ब्रिटेन के लिए अपनी सभी नियमित उड़ानें शुरू कर दी हैं। हालांकि पश्चिम एशिया को जाने वाली सभी उड़ानें मंगलवार रात 11.59 बजे तक के लिए रद्द रहेंगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित