ग्वालियर , मई 29 -- मध्यप्रदेश के ग्वालियर में सस्ती कीमत पर प्लॉट दिलाने का भरोसा जीतने के बाद दो लोगों ने एक प्रॉपर्टी कारोबारी से दो अन्य प्लॉट दिलाने के नाम पर दस लाख रुपए की कथित ठगी कर ली। न्यायालय के निर्देश पर पुरानी छावनी थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार होरीपुरा खिड़की मोहल्ला किलागेट निवासी गोविंद प्रजापति ने शिकायत में बताया कि कुछ वर्ष पहले उसकी पहचान हजीरा स्थित वैष्णोपुरम निवासी वीरेन्द्र सिंह राठौर और सोनू से हुई थी। दोनों ने पहले अटल गेट के पास कम कीमत में एक प्लॉट दिलाया था, जिसका कब्जा भी उसे मिल गया था। इसके बाद वर्ष 2020 में आरोपियों ने रायरू क्षेत्र में दो अन्य प्लॉट दिखाए। स्थान पसंद आने पर गोविंद ने दोनों प्लॉट के लिए पांच-पांच लाख रुपए अग्रिम राशि के रूप में दे दिए।
शिकायत के अनुसार इसके बाद आरोपी रजिस्ट्री कराने के नाम पर लगातार टालमटोल करते रहे। जब पीड़ित ने अपने दस लाख रुपए वापस मांगे तो आरोपी बहाने बनाकर उसे टालते रहे। पीड़ित ने मामले की शिकायत पुलिस से की, लेकिन कार्रवाई नहीं होने पर न्यायालय की शरण ली। न्यायालय ने मामले की सुनवाई के बाद पुरानी छावनी थाना पुलिस को प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई के निर्देश दिए। पुलिस ने मामला दर्ज कर दोनों आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित