नयी दिल्ली , सितम्बर 18 -- भारत की अफगानिस्तान के खिलाफ तीसरे टी 20 में तूफानी शतक बनाने वाले अभिषेक शर्मा को प्लेयर ऑफ़ द मैच और प्लेयर ऑफ़ द सीरीज़ दोनों का पुरस्कार मिला।
अभिषेक ने गुरूवार को मैच के बाद कहा, ''मैंने पहले भी कहा है कि हम ऐसा पिछले दो साल से कर रहे हैं और एकाध ख़राब सीरीज़ से हमारा मूल्यांकन नहीं हो सकता। एक बल्लेबाज़ और क्रिकेटर के तौर पर उतार-चढ़ाव आता है लेकिन एक टीम के तौर पर हम क्या सोचते हैं यह मायने रखता है। यह प्रोसेस पर निर्भर करता है, मैं सीरीज़ से पहले काफ़ी तैयारी करता हूं और एक बल्लेबाज़ के तौर पर मैं काफ़ी स्पेसिफ़िक तौर पर सोचता हूं कि पावरप्ले में कैसे बल्लेबाज़ी करनी है और किनके ख़िलाफ़ आक्रमण करना है।
उन्होंने कहा, ''ऐसे में कोच और कप्तान से समर्थन मिलना ज़रूरी होता है और मुझे काफ़ी समर्थन मिल रहा है। मैं किसी एरिया तक ख़ुद को बांधना नहीं चाहता हूं, मैं बॉल को देखकर हिट करने का प्रयास करता हूं और आने वाले मुक़ाबलों में भी ऐसा ही करूंगा। हमारी टीम में कल्चर यही है कि हमें पावरप्ले में अधिक से अधिक रन बटोरने हैं और विपक्षी टीम पर हावी होना है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित