वाराणसी , जुलाई 11 -- धार्मिक नगरी काशी का ऐतिहासिक एवं विश्व प्रसिद्ध रथयात्रा मेला (लक्खा मेला) 16 से 18 जुलाई तक आयोजित होगा। इससे पूर्व 15 जुलाई को भगवान जगन्नाथ, बलभद्र और सुभद्रा की भव्य नगर (डोली) यात्रा निकाली जाएगी।
नगर निगम ने रथयात्रा मेले की तैयारियां तेज कर दी हैं। इस वर्ष भी मेला क्षेत्र को पूरी तरह प्रतिबंधित प्लास्टिक (पॉलीथिन) मुक्त रखने का निर्णय लिया गया है। इसके तहत मेले में दुकान, ठेला अथवा गुमटी लगाने वाले व्यापारियों से पहले ही शपथ पत्र भरवाया जाएगा कि वे प्रतिबंधित प्लास्टिक का उपयोग नहीं करेंगे।
महापौर अशोक कुमार तिवारी ने बताया कि रथयात्रा मार्ग तथा मेले से संबंधित सभी व्यवस्थाओं को लेकर अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। उन्होंने कहा कि जलकल विभाग के अधिकारियों को मेला क्षेत्र एवं आसपास के मार्गों पर सीवर ओवरफ्लो की समस्या पूरी तरह समाप्त रखने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही संबंधित विभाग को सड़कों को शीघ्र गड्ढामुक्त करने के लिए कहा गया है, ताकि मेले के दौरान यातायात सुचारु रूप से संचालित हो सके।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित