नैनीताल , सितंबर 03 -- उत्तराखंड के राज्यपाल एवं कुलाधिपति लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) गुरमीत सिंह ने प्रोफेसर सतपाल सिंह बिष्ट को कुमाऊँ विश्वविद्यालय, नैनीताल का कुलपति नियुक्त किया है। उत्तराखंड लोक भवन (राजभवन) की ओर से गुरुवार को प्रो0 बिष्ट को कुलपति बनाये जाने संबंधी आदेश जारी किया गया है।
कुलाधिपति लेफ्टिनेंट जनरल (अप्रा) गुरमीत सिंह के सचिव रविनाथ रमन की ओर से जारी आदेश में कहा गया कि उत्तर प्रदेश राज्य विश्वविद्यालय अधिनियम-1973 (यथाप्रवृत्त उत्तराखंड राज्य) की धारा-12 की उपधारा-(1) के अंतर्गत प्रदत्त शक्तियों के अधीन प्रो. सतपाल सिंह बिष्ट को कार्यभार ग्रहण करने की तिथि से तीन वर्ष की अवधि अथवा अग्रेतर आदेश, जो भी पहले हो तक के लिए कुमाऊं विश्वविद्यालय, नैनीताल का कुलपति नियुक्त किया जाता है।
वर्तमान में प्रो0 बिष्ट सोबन सिंह जीना विश्वविद्यालय, अल्मोड़ा के कुलपति पद पर तैनात थे। इसी के साथ ही विश्वविद्यालय के कुलपति पद के कार्य दायित्वों हेतु अंतरिम व्यवस्था संबंधी 31 अगस्त को जारी पूर्व निर्गत आदेश को भी अतिक्रमित (रद्द) कर दिया गया है।
गौरतलब है कि 31 अगस्त को कुलपति प्रो. दीवान सिंह रावत के इस्तीफे के बाद उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. नवीन चंद्र लोहनी को कुमाऊं विवि का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया था।
श्री बिष्ट की नियुक्ति इसलिए महत्व रखती है कि वे कुमाऊं विश्वविद्यालय के पूर्व छात्र रहे हैं और विश्वविद्यालय में विभिन्न पदों पर रह चुके हैं। प्रोफेसर बिष्ट की नियुक्ति से पूरे विश्वविद्यालय जगत में खुशी की लहर है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित