नयी दिल्ली , मई 13 -- मुंबई स्थित भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआई) के पूर्व प्रोफेसर प्रो. चेतन सिंह सोलंकी ने जलवायु परिवर्तन और टिकाऊ जीवनशैली को लेकर देशव्यापी जनजागरूकता अभियान की शुरुआत करते हुए बुधवार को यहां स्थित महात्मा गांधी के स्मारक राजघाट से 100 दिनों की 'भारत जलवायु सत्याग्रह यात्रा' की शुरुआत की ।
'सोलर मैन ऑफ इंडिया' नाम से प्रसिद्ध प्रो. सोलंकी आज यहां राजघाट पर महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि अर्पित करने के साथ यात्रा की शुरुआत की। उनकी 51 शहरों से गुजरेगी और करीब 5,800 किलोमीटर दूरी तय करेगी। गांधीवादी विचारों से प्रेरित इस यात्रा का उद्देश्य जलवायु संकट के प्रति जनभागीदारी बढ़ाना और लोगों को जिम्मेदार व टिकाऊ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना है। कार्यक्रम में स्कूल शिक्षा एवं साक्षरता विभाग के सचिव संजय कुमार, संयुक्त सचिव डॉ. अमरप्रीत दुग्गल और राजघाट स्थित गांधी समिति के सचिव रजनीश कुमार उपस्थित रहे।
एनर्जी स्वराज फाउंडेशन की ओर से आयोजित यह यात्रा आगरा, प्रयागराज, वाराणसी, कोलकाता, भुवनेश्वर, विशाखापत्तनम, चेन्नई, बेंगलुरु, पुणे, मुंबई, अहमदाबाद और जयपुर समेत कई प्रमुख शहरों से होकर गुजरेगी और 20 अगस्त 2026 को दिल्ली में समाप्त होगी। इस अभियान का उद्देश्य व्यवहार में बदलाव और सोच-समझकर उपभोग करने की आदत के जरिए लगभग 10 लाख नागरिकों को जलवायु कार्रवाई से जोड़ना है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित