जौनपुर , अगस्त 21 -- वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय जौनपुर के नए कुलपति के रूप में प्रो. राकेश कुमार सिंह की नियुक्ति की गई है।

आधिकारिक सूत्रों के अनुसार राज्यपाल एवं विश्वविद्यालय की कुलाधिपति श्रीमती आनंदीबेन पटेल ने शुक्रवार को विश्वविद्यालय अधिनियम, 1973 की धारा-12(1) के तहत प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए उनकी नियुक्ति की है।

कुलाधिपति की ओर से जारी आदेश के अनुसार प्रो. राकेश कुमार सिंह वर्तमान में इंदिरा गांधी दिल्ली महिला तकनीकी विश्वविद्यालय, नई दिल्ली में प्रोफेसर के पद पर कार्यरत हैं। उन्हें कार्यभार ग्रहण करने की तिथि से तीन वर्ष की अवधि के लिए वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय का कुलपति नियुक्त किया गया है। विश्वविद्यालय के वर्तमान कुलपति प्रोफेसर वंदना सिंह का कार्यकाल 25 अगस्त को समाप्त हो रहा है इसके पूर्व ही राज्यपाल ने नए कुलपति की नियुक्ति कर दी है।

प्रो. राकेश कुमार सिंह के कुलपति नियुक्त होने की खबर से विश्वविद्यालय परिवार में नई उम्मीद जगी है। अब उनके कार्यभार ग्रहण करने के बाद विश्वविद्यालय की शैक्षणिक एवं प्रशासनिक गतिविधियों को नई दिशा मिलने की उम्मीद है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित