वाराणसी , अगस्त 19 -- काशी हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू) में वरिष्ठ प्रोफेसर रहे एवं बीआरए बिहार विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. दिनेश चंद्र राय के नेतृत्व में शोधकर्ताओं की एक टीम ने एंटीऑक्सीडेंट युक्त हाई प्रोटीन आइसक्रीम विकसित की है, जिसमें हल्दी के सक्रिय तत्व करक्यूमिन को सुरक्षित रूप से समाहित किया गया है। यह शोध प्रतिष्ठित जर्नल ऑफ फूड प्रोसेस इंजीनियरिंग में प्रकाशित हुआ है।

शोध दल में शिवांश सुमन, डॉ. सुनील मीणा और प्रो. राज कुमार दुआरी (बीएचयू), डॉ. शालिनी सिंह (बीएचयू एवं बांदा कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय) तथा प्रिय ब्रत गौतम (राष्ट्रीय डेयरी अनुसंधान संस्थान, करनाल) सह-लेखक रहे। शोध के दौरान व्हे प्रोटीन के साथ सोया और मटर प्रोटीन का उपयोग कर आइसक्रीम में प्रोटीन की मात्रा 54 प्रतिशत तक बढ़ाई गई। वहीं, करक्यूमिन को प्रोटीन-कार्बोहाइड्रेट परत में सुरक्षित रखने से 90.92 से 97.23 प्रतिशत तक इनकैप्सुलेशन दक्षता प्राप्त हुई। पाचन परीक्षणों में करक्यूमिन के शरीर में बेहतर अवशोषण की भी पुष्टि हुई।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित