जयपुर , अप्रैल 15 -- राजस्थान विश्वविद्यालय जयपुर के रसायन शास्त्र विभाग की प्रोफेसर एवं विभागाध्यक्ष नीलिमा गुप्ता को रॉयल सोसायटी ऑफ केमिस्ट्री (यूके), का फेलो (एफआरएससी) चुना गया है। आधिकारिक सूत्रों के अनुसार यह रसायन विज्ञान के क्षेत्र में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अत्यंत प्रतिष्ठित सम्मान है तथा उन विशिष्ट वैज्ञानिकों को प्रदान किया जाता है, जिन्होंने रासायन विज्ञान के विकास में शोध, नवाचार और नेतृत्व द्वारा महत्वपूर्ण योगदान दिया हो।

सिंथेटिक ऑर्गेनिक एवं कम्प्यूटेशनल केमिस्ट्री की विशेषज्ञ प्रो. गुप्ता का शैक्षणिक करियर प्रभावशाली शोध, उच्च गुणवत्ता वाले प्रकाशनों तथा विद्यार्थियों और शोधार्थियों के समर्पित मार्गदर्शन से परिपूर्ण रहा है। उनके कार्य ने अपने क्षेत्र में ज्ञान-विस्तार में महत्वपूर्ण योगदान दिया है और उन्हें राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर व्यापक पहचान दिलाई है।

राजस्थान विश्वविद्यालय की कुलगुरु प्रो. अल्पना कटेजा ने इस उपलब्धि को संस्थान की शैक्षणिक उत्कृष्टता एवं शोध नवाचार के प्रति प्रतिबद्धता का प्रमाण बताया और कहा कि यह सम्मान न केवल प्रो. गुप्ता की व्यक्तिगत उपलब्धियों को रेखांकित करता है बल्कि वैश्विक वैज्ञानिक परिदृश्य में विश्वविद्यालय की बढ़ती प्रतिष्ठा को भी सुदृढ़ करता है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित