चंडीगढ़ , अक्टूबर 16 -- विद्यार्थियों के मानसिक स्वास्थ्य, भावनात्मक मजबूती और समग्र विकास को बढ़ावा देने के लिए अपनायी जा रही गतिविधियों पर शुक्रवार को चर्चा की गयी।

चंडीगढ़ सिटिजन्स फाउंडेशन के तत्वावधान में प्रोजेक्ट साथी के अनुभव साझा करने के लिए आयोजित विशेष कार्यक्रम कार्यक्रम का शुभारंभ पूर्व थल सेनाध्यक्ष जनरल वी.पी. मलिक ने किया। इस मौके पर काव्य की निदेशक अमुधा नारायणन, जी.डी. गोयनका स्कूल, मोहाली की निदेशक कविता दास, पंजाब के पूर्व अतिरिक्त मुख्य सचिव बालामुरुगन और प्रोजेक्ट साथी की समन्वयक गुरप्रीत कौर ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।

फाउंडेशन और स्कूल शिक्षा विभाग, केंद्र शासित चंडीगढ़ के सहयोग से 'मजबूत मन और स्वस्थ जीवन' थीम पर कार्यक्रम संचालित किया जा रहा है। इसके तहत योग, माइंडफुलनेस, मूल्य शिक्षा और जागरूकता आधारित खेलों के माध्यम से विद्यार्थियों के लिए सुरक्षित और सहयोगात्मक वातावरण तैयार किया जा रहा है।

कार्यक्रम में अमुधा नारायणन ने कृष्णमाचार्य अष्टांग विनियोग और श्वसन तकनीकों के महत्व पर प्रकाश डाला। सिस्टर बी.के. नेहा ने विद्यार्थियों के भावनात्मक कल्याण तथा स्कूलों में स्वास्थ्य और कल्याण संबंधी गतिविधियों को नियमित रूप से शामिल करने की आवश्यकता पर जोर दिया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित