फिरोजाबाद , मई 11 -- उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद जिले में थाना फरिहा पुलिस ने 12 दिन पूर्व हुई 10 वर्षीय बालिका की हत्या के मामले का खुलासा करते हुए सोमवार को बालिका की मां के कथित प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी ने पूछताछ में प्रेम संबंधों में बाधा बनने के कारण बालिका की हत्या करने की बात स्वीकार की है। थाना प्रभारी राजीव कुमार ने बताया कि 30 अप्रैल को थाना क्षेत्र में एक नाले के पास 10 वर्षीय बालिका का शव बरामद हुआ था। मृतका की पहचान शिवांगी पुत्री अजब सिंह के रूप में हुई थी। बालिका एक दिन पहले अपनी मां के साथ खेत पर गई थी, जहां से वह लापता हो गई थी।
घटना के बाद क्षेत्र में आक्रोश फैल गया था और ग्रामीणों ने आरोपी की गिरफ्तारी की मांग को लेकर पुलिस पर दबाव बनाया था। पुलिस ने मामले की जांच के दौरान सोमवार को गांव ईखू निवासी यासीन अली को गिरफ्तार कर लिया और उसके कब्जे से हत्या में प्रयुक्त कपड़े और अन्य सामान बरामद किए गए हैं।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसके बालिका की मां के साथ प्रेम संबंध थे, लेकिन बालिका इन संबंधों का विरोध करती थी और अक्सर टोका-टोकी करती थी। इसी कारण उसने 29 अप्रैल की रात मौका पाकर बालिका की हत्या कर दी और शव को नाले के पास पानी में झाड़ियों के बीच छिपा दिया।
थाना प्रभारी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी के विरुद्ध पहले से करीब दस आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं और वह शातिर किस्म का अपराधी है। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित