सक्ती , जुलाई 01 -- छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले में प्रेम संबंधों के विवाद के कारण एक महिला की हत्या के मामले का पुलिस ने बुधवार को खुलासा करते हुए नौ आरोपियों को गिरफ्तार किया है। महिला की हत्या करने के लिए चार लाख रुपये की सुपारी दी गयी थी। गिरफ्तार आरोपियों में कथित मुख्य साजिशकर्ता मुरलीशंकर और उसकी पत्नी चम्पा चौहान भी शामिल हैं।

पुलिस के अनुसार, 26 जून को जोंगरा गांव निवासी पूर्णिमा चौहान उर्फ पूनम की उसके घर में घुसकर गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। घटना के बाद पुलिस ने विभिन्न पहलुओं पर जांच शुरू की, जिसमें हत्या के पीछे प्रेम संबंधों से उपजा विवाद सामने आया।

जांच में पता चला कि मृतका पूर्णिमा का संबंध आरोपी मुरलीशंकर से था। इसी संबंध को लेकर उत्पन्न विवाद के बाद मुरलीशंकर ने पत्नी चम्पा चौहान के साथ मिलकर पूर्णिमा की हत्या की साजिश रची। दोनों ने सीधे वारदात को अंजाम देने के बजाय सुपारी किलरों की मदद लेने का निर्णय लिया और इसके लिए चार लाख रुपये में सौदा तय किया।

पुलिस के अनुसार, इस साजिश में झारखंड, महाराष्ट्र और छत्तीसगढ़ से जुड़े अपराधियों को शामिल किया गया। योजना के तहत 26 जून को दो बदमाश पूर्णिमा के घर पहुंचे और उसे गोली मारकर फरार हो गए।

मामले की जांच के दौरान पुलिस ने पूरे नेटवर्क का खुलासा करते हुए झारखंड, महाराष्ट्र और छत्तीसगढ़ से कुल नौ आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित