सहारनपुर , जून 11 -- उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले में प्रेम विवाह के बाद हुए चर्चित हत्याकांड में पुलिस ने मुख्य आरोपी समेत तीन लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस के अनुसार, युवती के परिजनों ने कथित पारिवारिक नाराजगी और सामाजिक प्रतिष्ठा को लेकर उसके पति की गोली मारकर हत्या कर दी थी।
पुलिस निरीक्षक रामपुर मनिहारान उम्मेद सिंह ने गुरुवार शाम बताया कि थाना क्षेत्र के चुन्हेटी रेलवे फाटक के निकट स्थित अंडरपास से मुख्य आरोपी रवि पुत्र ब्रह्मपाल को गिरफ्तार किया गया है। जांच में रवि की भूमिका हत्याकांड के मुख्य अभियुक्त के रूप में सामने आई है।
पुलिस के अनुसार, मंगलवार को शिवकुमार जाटव अपनी पत्नी आकांक्षा (24) के साथ पुलिस भर्ती परीक्षा देकर स्कॉर्पियो वाहन से अपने गांव खेड़ी बैरागी, थाना बाबरी लौट रहे थे। इसी दौरान आकांक्षा के परिजनों ने उनका पीछा कर वाहन को रोक लिया और उन पर हमला कर दिया।
घटना के दौरान शिवकुमार के सिर में गोली लग गई, जिससे उसकी मौके पर ही मृत्यु हो गई। पुलिस ने मामले में आकांक्षा की मां विमला पत्नी रोहताश और उसके मामा करमवीर पुत्र सरदारा को भी गिरफ्तार कर लिया है। तीनों आरोपियों को संबंधित न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
पुलिस ने बताया कि मामले में नामजद अन्य आरोपी मंजीत, परमजीत, मौसम और आदित्य अभी फरार हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। थाना प्रभारी उम्मेद सिंह ने बताया कि प्रारंभिक रिपोर्ट में एक आरोपी अज्ञात था, जिसकी पहचान जांच के दौरान रवि के रूप में हुई। पूछताछ में यह तथ्य सामने आया कि रवि ने ही अवैध तमंचे से शिवकुमार और आकांक्षा पर फायरिंग की थी। पुलिस के अनुसार, आकांक्षा को बचाने के प्रयास में शिवकुमार गोली की चपेट में आ गया और उसकी जान चली गई।
गिरफ्तार आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि वे आकांक्षा को अपने साथ ले जाना चाहते थे। इस बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी और विवाद हुआ था। पुलिस के अनुसार, आकांक्षा के परिजनों ने उसके पति और उसके खिलाफ हिंसक कार्रवाई की योजना बनाई थी, जिसके परिणामस्वरूप शिवकुमार की हत्या कर दी गई।
पुलिस के मुताबिक, मामले की विवेचना जारी है और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद घटनाक्रम से जुड़े अन्य तथ्यों का भी पता लगाया जाएगा। मामले में वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। उल्लेखनीय है कि प्रेम विवाह से जुड़े इस हत्याकांड ने क्षेत्र में व्यापक चर्चा को जन्म दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि कानून हाथ में लेने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित