श्रावस्ती , मार्च 04 -- उत्तर प्रदेश के जनपद श्रावस्ती में तीन मार्च को जंगल में छत विक्षत अवस्था में मिली महिला की लाश के मामले में पुलिस ने खुलासा करते हुए बुधवार मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार प्रेम प्रसंग और पैसों के विवाद में घटना को अंजाम दिया गया। इस संबंध में मृतिका के पति की तहरीर पर नामजद आरोपी के खिलाफ थाना मल्हीपुर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपी सूरज वर्मा निवासी भवनिया दा0 जमुनहा भवनियापुर थाना मल्हीपुर को गिरफ्तार कर लिया।
गौरतलब है कि 19 फरवरी 2026 को संतोष मिश्रा ने अपनी पत्नी आंचल मिश्रा उर्फ अन्ती मिश्रा के गुम होने की सूचना थाना मल्हीपुर में दर्ज कराई थी। जांच के दौरान मोबाइल लोकेशन व अन्य साक्ष्यों के आधार पर 03 मार्च 2026 को थाना क्षेत्र के ककरदरी जंगल से मृतका का क्षत-विक्षत शव बरामद किया गया था।
पुलिस के अनुसार अभियुक्त सूरज वर्मा का मृतका से पिछले तीन-चार महीनों से मोबाइल के माध्यम से संपर्क था और दोनों के बीच प्रेम प्रसंग चल रहा था। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि मृतका द्वारा ब्लैकमेल कर पैसों की मांग की जा रही थी तथा शिकायत की धमकी दी जा रही थी। इसी बात को लेकर 17 फरवरी 2026 को दोनों के बीच विवाद हुआ, जिसके बाद गुस्से में आकर उसने आंचल की हत्या कर शव को जंगल में छिपा दिया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित