रायपुर , अगस्त 19 -- छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में प्रेम-प्रसंग से जुड़े विवाद में युवक की कार से कुचलकर हत्या के मामले में फरार आरोपी भरत मंगनानी ने मंगलवार को रायपुर न्यायालय में समर्पण कर दिया। आरोपी वकील की पोशाक में न्यायालय परिसर पहुंचा। आमानाका पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे तीन दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया। पुलिस के अनुसार, 14 अगस्त को आमानाका थाने में परमजीत रणगण्ही की हत्या के संबंध में रिपोर्ट दर्ज करायी गयी थी। शिकायत में आरोप लगाया गया कि भरत मंगनानी ने जानबूझकर परमजीत के ऊपर कार चढ़ाकर उसकी हत्या कर दी।

पुलिस के मुताबिक, मृतक परमजीत की शादी शिखा साहू से तय होने की बातचीत चल रही थी। घटना वाले दिन शिखा अपने दोस्त भरत मंगनानी के साथ सफेद रंग की फॉक्सवैगन कार से टाटीबंध पहुंची थी। गुरुद्वारे के पास शिखा और परमजीत की मुलाकात हुई। इस दौरान भरत भी वहां मौजूद था।

पुलिस में दर्ज शिकायत के अनुसार, बातचीत के दौरान भरत और परमजीत के बीच विवाद हो गया। आरोप है कि विवाद से नाराज भरत ने परमजीत को जान से मारने की नीयत से तेज गति से कार चलाकर उसे कुचल दिया। हादसे में परमजीत गंभीर रूप से घायल हो गया और अत्यधिक रक्तस्राव होने लगा।

घटना के बाद भरत कार लेकर मौके से फरार हो गया। आसपास मौजूद लोगों ने घायल परमजीत को अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। प्रार्थी की रिपोर्ट पर आमानाका पुलिस ने अपराध क्रमांक 264/2026 में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी।

पुलिस के अनुसार, वारदात के बाद से फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए उसके संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही थी। तकनीकी साक्ष्यों और अन्य माध्यमों से भी उसकी तलाश की जा रही थी। पुलिस की कार्रवाई के बढ़ते दबाव के बीच आरोपी ने मंगलवार को न्यायालय में समर्पण कर दिया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित