मधुबनी , अक्टूबर 14 -- बिहार के मधुबनी जिले के बेनीपट्टी थाना क्षेत्र के बेहटा पछिवारी टोल से क्रेडिट एक्सेस ग्रामीण लिमिटेड के ब्रांच मैनेजर राहुल रंजन के अपहरण मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए उन्हें सकुशल बरामद कर लिया है।

इस मामले में पुलिस ने पांच आरोपितों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार, अपहरण की घटना एक विवाहित महिला के साथ प्रेम-प्रसंग को लेकर हुए विवाद के कारण हुई।

अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अमित कुमार ने बताया कि ब्रांच मैनेजर राहुल रंजन का समस्तीपुर जिले के उजियारपुर थाना क्षेत्र के चांदचोर बाजितपुर निवासी अशोक कुमार की पत्नी शबनम कुमारी के साथ प्रेम-प्रसंग था।

इस मामले में आरोप है कि राहुल रंजन शबनम कुमारी को मोतिहारी ले गये थे। इसी बात से नाराज होकर अशोक कुमार ने कथित तौर पर अपहरण की घटना को अंजाम दिलाया।

इस मामले में पुलिस ने अशोक कुमार के अलावा समस्तीपुर जिले के मुसरीघरारी थाना क्षेत्र के फतेहपुर गांव निवासी पवन कुमार, बंगरा थाना क्षेत्र के रजवा गांव निवासी राजा कुमार, वैशाली जिले के वलीगांव निवासी विशाल कुमार और ताजपुर थाना क्षेत्र के कसबे आहार निवासी स्कॉर्पियो चालक मोहम्मद फिरोज को गिरफ्तार किया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित