प्रतापगढ़ , अक्टूबर 16 -- उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले में लालगंज पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने उमाशंकर कौशल उर्फ गुड्डू (34) हत्याकांड का खुलासा करते हुए उसकी पत्नी सुमन देवी समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, प्रेम प्रसंग के चलते सुमन ने अपने प्रेमी और उसके साथियों के साथ मिलकर पति की हत्या की साजिश रची थी।
अपर पुलिस अधीक्षक (पश्चिमी) बृजनन्दन राय ने शुक्रवार को प्रेस कांफ्रेंस में बताया कि 15 अक्टूबर को लालगंज थाना क्षेत्र में शीतलमऊ नहर के पास काली माता मंदिर के निकट उमाशंकर कौशल उर्फ गुड्डू का शव मिलने की सूचना मिली थी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की। फॉरेंसिक साइंस लैब (एफएसएल) की टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। मृतक के भाई दीपू कौशल की तहरीर पर लालगंज थाने में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103(1) में हत्या का मामला दर्ज किया गया।
उन्होंने बताया कि शुक्रवार को मुखबिर की सूचना पर पुलिस और एसओजी की टीम ने जगन्नाथपुर नहर पुलिया के पास घेराबंदी कर तीन आरोपियों शहंशाह पुत्र मोहम्मद बादशाह, विशाल शुक्ला उर्फ बिट्टू पुत्र अवधेश शुक्ला और अविनाश तिवारी उर्फ रजत तिवारी पुत्र आद्याप्रसाद तिवारी को गिरफ्तार किया। तीनों प्रतापगढ़ जिले के लालगंज थाना क्षेत्र के निवासी हैं।
पुलिस के अनुसार, विशाल शुक्ला के कब्जे से मृतक का रेडमी मोबाइल फोन और अविनाश तिवारी के पास से उसका आधार कार्ड बरामद हुआ। आरोपियों की निशानदेही पर घटना के समय पहने गए तीन कपड़े भी बरामद किए गए, जिन पर खून के छींटे मिले।
पुलिस का कहना है कि पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि सुमन देवी की योजना और कहने पर उन्होंने उमाशंकर को शीतलमऊ नहर के पास शराब पिलाई और फिर ईंट-पत्थर से कुचलकर उसकी हत्या कर दी। पुलिस के मुताबिक, सुमन ने भी पूछताछ में अपने प्रेमी शहंशाह और उसके साथियों बिट्टू व रजत तिवारी के साथ मिलकर पति की हत्या कराने की बात स्वीकार की। घटना के बाद वह छिपकर भागने की फिराक में थी, तभी पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित