मऊ , जून 20 -- उत्तर प्रदेश में मऊ जिले के दक्षिणटोला थाना क्षेत्र में एक युवती अपने प्रेमी से विवाह कराने की मांग को लेकर शनिवार को मोबाइल टावर पर चढ़ गई। पुलिस और स्थानीय लोगों के काफी प्रयास के बाद उसे सकुशल नीचे उतार लिया गया।

पुलिस सूत्रों के अनुसार दक्षिणटोला थाना क्षेत्र के प्रेमनगर चकिया निवासी युवती शनिवार को अचानक एक मोबाइल टावर पर चढ़ गई और अपने प्रेमी को मौके पर बुलाने की मांग करने लगी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और युवती को नीचे उतरने के लिए समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह अपनी मांग पर अड़ी रही।

भीषण गर्मी और उमस के बीच युवती के डिहाइड्रेशन की आशंका को देखते हुए पुलिस ने उससे बातचीत जारी रखी। इसी दौरान एक युवक को पानी और बिस्किट देकर टावर पर भेजा गया, जिसने युवती को समझाने का प्रयास किया। काफी देर तक चले मान-मनौव्वल के बाद युवती नीचे उतरने के लिए तैयार हो गई। इसके बाद पुलिस ने उसे सकुशल नीचे उतार लिया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित