भरतपुर , अप्रैल 06 -- राजस्थान में भरतपुर जिले के बयाना क्षेत्र में प्रेम प्रसंग को लेकर सोमवार को एक युवती के 150 फुट ऊंचे मोबाइल टॉवर पर चढ़ जाने से अफरातफरी मच गई।

सूत्रों ने बताया कि बरखेड़ा गांव में युवती का गांव के ही मोनू चौधरी नामक युवक से प्रेम प्रसंग चल रहा है, लेकिन दोनों की जाति अलग होने से प्रेमी के परिजन दोनों की शादी को अनुमति नहीं दे रहे हैं, जबकि युवती अंतरजातीय विवाह पर अड़ी है।

सुबह युवती करीब 150 फुटे ऊंचे मोबाइल के टॉवर पर चढ़ गई और युवक से शादी करने की जिद पर अड़ गई। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे गये और युवती को समझाने का प्रयास किया। इस बीच प्रेमी युवक को भी मौके पर बुलाकर युवती को समझाया गया। करीब पाँच घण्टे की मशक्कत और काफी समझाने के बाद कड़ी सुरक्षा व्यवस्था में उसे टॉवर से उतारा गया।

टॉवर से उतरने के बाद युवती को चिकित्सीय परीक्षण के लिए अस्पताल ले जाया गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित