खरगोन , जून 16 -- मध्यप्रदेश के खरगोन जिले के सनावद थाना क्षेत्र में प्रेमी युगल को भगाने में मदद करने के संदेह में एक व्यक्ति की कथित पिटाई के बाद उपचार के दौरान मृत्यु हो गई। पुलिस ने मामले में सात आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार चार जून को एक बालिग युवती अपने प्रेमी के साथ घर से चली गई थी और बाद में दोनों ने विवाह कर लिया। युवक ने पुलिस को सूचना दी थी कि दोनों ने शादी कर ली है तथा वे 10 जून को सनावद थाने में उपस्थित होंगे।
इसी बीच युवती के परिजनों ने राधेश्याम के पुत्र सौरभ पर प्रेमी युगल की मदद करने का आरोप लगाया। इसी संदेह के आधार पर आरोपियों ने कथित रूप से राधेश्याम और उसके साले तेरसिंह को पकड़कर एक स्थान पर ले जाकर मारपीट की।
गंभीर रूप से घायल दोनों को सनावद के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से उनकी हालत गंभीर होने पर खंडवा रेफर किया गया। तेरसिंह की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी।
सनावद थाना प्रभारी धर्मेंद्र यादव ने बताया कि मंगलवार को राधेश्याम की हालत अधिक बिगड़ने पर उसे इंदौर के एमवाय अस्पताल रेफर किया गया, जहां पहुंचने के कुछ समय बाद उसकी मृत्यु हो गई।
राधेश्याम की मृत्यु की सूचना मिलने पर परिजन और ग्रामीण आक्रोशित हो गए तथा शव को सनावद लाकर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने आरोपियों के विरुद्ध हत्या की धाराएं जोड़ने और तत्काल गिरफ्तारी की मांग की। पुलिस अधिकारियों द्वारा कार्रवाई का आश्वासन दिए जाने के बाद प्रदर्शन समाप्त हुआ और शाम को अंतिम संस्कार किया गया।
पुलिस ने मामले में राकेश, शांतिलाल, सेवकराम, अर्जुन, धर्मेंद्र, रामदास और बलिराम को गिरफ्तार कर लिया है। अधिकारियों के अनुसार पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित