उज्जैन , जून 01 -- मध्यप्रदेश में उज्जैन जिले के उन्हेल थाना क्षेत्र में एक व्यक्ति की हत्या के मामले का खुलासा करते हुए पुलिस ने मृतक की पत्नी और उसके कथित प्रेमी को गिरफ्तार किया है।

पुलिस सूत्रों ने आज बताया कि 30 मई को पिपलिया डाबी गांव के एक खेत में भारत सिंह का शव मिलने की सूचना प्राप्त हुई थी। मौके पर पहुंची पुलिस ने मृतक के सिर पर गंभीर चोट के निशान पाए। प्रथम दृष्टया मामला हत्या का प्रतीत होने पर पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की।

जांच के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि मृतक की पत्नी सोनाकंवर और गांव निवासी जितेन्द्र सिंह के बीच प्रेम संबंध थे। संदेह के आधार पर दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में सामने आया कि जितेन्द्र सिंह और सोनाकंवर के बीच लंबे समय से संबंध थे। पुलिस के अनुसार मृतक द्वारा शराब के नशे में विवाद करना तथा कृषि भूमि बेचने की बात को लेकर दोनों ने हत्या की साजिश रची थी।

पुलिस के मुताबिक आरोपी जितेन्द्र सिंह मृतक भारत सिंह को शराब पिलाने के बहाने खेत पर ले गया और वहां खेत में पड़े पत्थर से उसके सिर पर वार कर हत्या कर दी। जांच में हत्या के पीछे दोनों आरोपियों के संबंध और भूमि विवाद को प्रमुख कारण बताया गया है। पुलिस ने मामले में आरोपी जितेन्द्र सिंह और सोनाकंवर को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई शुरू कर दी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित