भिण्ड , अक्टूबर 25 -- मध्यप्रदेश के भिण्ड में युवती अंजली बघेल के गौरी तालाब में कूदने की सूचना झूठी निकली। पुलिस और एसडीआरएफ की टीम दो दिन तक तालाब में उसकी तलाश करती रही, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। बाद में पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर युवती के भाई से पूछताछ की, जिसमें पता चला कि अंजली करीब 20 दिन पहले अपने प्रेमी के साथ अहमदाबाद चली गई थी।
पुलिस के अनुसार, शनिवार देर शाम युवती के भाई ने सूचना दी थी कि वह अपनी बहन के साथ स्कूटी से बाजार जा रहा था। इसी दौरान अंजली ने शनि देव मंदिर के पास स्कूटी रुकवाकर गौरी तालाब में छलांग लगा दी। सूचना मिलने पर पुलिस और एसडीआरएफ की टीम ने तलाश शुरू की। अंधेरा होने के कारण शनिवार को अभियान रोकना पड़ा। रविवार सुबह आठ बजे फिर से खोजबीन शुरू की गई, जो शाम पांच बजे तक चली, लेकिन युवती का कोई पता नहीं चला।
इसके बाद पुलिस ने सीता नगर से गौरी तालाब तक के रास्ते में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। फुटेज में भाई कई स्थानों पर अकेले स्कूटी चलाता दिखाई दिया। पुलिस ने फुटेज दिखाकर पूछताछ की तो उसने युवती के करीब 20 दिन पहले प्रेमी के साथ अहमदाबाद चले जाने की बात बताई। पूछताछ में पिता ने भी बेटी के घर छोड़कर जाने की बात स्वीकार की। पुलिस के मुताबिक, परिवार ने सामाजिक बदनामी के डर से युवती के तालाब में कूदने की झूठी कहानी बनाई थी।
भिण्ड देहात थाना प्रभारी शिव प्रताप सिंह राजावत ने बताया कि पिता और भाई ने युवती के तालाब में कूदने की झूठी सूचना दी थी। मामले में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है। जांच के आधार पर आगे वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित