बांदा , सितंबर 11 -- उत्तर प्रदेश के बांदा में प्रेमिका को बुलाने की जिद में एक युवक शुक्रवार को केन नदी पर बने रेलवे पुल पर चढ़ गया और नदी में कूदकर आत्महत्या करने की धमकी देने लगा। पुलिस ने करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद युवक को सकुशल पुल से नीचे उतारा और पूर्व में दर्ज मुकदमे में उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार कोतवाली नगर क्षेत्र के चमरौडी मोहल्ला निवासी विकास शर्मा (30) सोशल मीडिया पर वीडियो बनाने का काम करता था। करीब ढाई वर्ष से उसका अपनी सहकर्मी के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था। तीन दिन पूर्व उसकी सहकर्मी ने उसके खिलाफ धोखा देकर यौन संबंध बनाने के आरोप में बीएनएस की धारा 69 और एससी-एसटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कराया था। मामले में विकास वांछित चल रहा था।
पुलिस ने बताया कि शुक्रवार को विकास केन नदी के रेलवे पुल पर चढ़ गया और जोर-जोर से अपनी प्रेमिका को बुलाने की मांग करने लगा। उसने मांग पूरी नहीं होने पर पुल से नदी में कूदकर आत्महत्या करने की धमकी दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और एहतियातन नाविकों एवं गोताखोरों को नदी में तैनात किया।
पुलिस ने युवक को समझाने का काफी प्रयास किया, लेकिन वह करीब दो घंटे तक अपनी जिद पर अड़ा रहा। इसके बाद पुलिस ने उसकी प्रेमिका को मौके पर बुलाया। उसे देखकर युवक पुल से नीचे उतरने के लिए राजी हो गया। पुलिस ने उसे सकुशल नीचे उतारकर हिरासत में ले लिया।
अपर पुलिस अधीक्षक शिवराज ने बताया कि विकास के खिलाफ उसकी सहकर्मी की ओर से पूर्व में मुकदमा दर्ज कराया गया था। विवेचना के दौरान मिले साक्ष्यों के आधार पर पुलिस उसकी तलाश कर रही थी। शुक्रवार को उसे रेलवे पुल से सकुशल उतारने के बाद मुकदमे में उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर विधिक कार्रवाई करते हुए न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित