भिण्ड , जून 14 -- मध्यप्रदेश में भिण्ड जिले के मेहगांव थाना क्षेत्र के पिपरौली गांव के समीप बंबा में मिले 40 वर्षीय महिला के शव के मामले में पुलिस ने 10 दिन के भीतर सनसनीखेज खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार मुख्य आरोपी ने अपनी पुरानी प्रेमिका के साथ संबंध बनाए रखने के लिए अपनी कथित पत्नी की गला घोंटकर हत्या कर दी और पहचान छिपाने के उद्देश्य से उसके चेहरे पर फावड़े से कई वार कराए।

मेहगांव के अनुविभागीय अधिकारी पुलिस (एसडीओपी) संजय कोच्छा ने आज बताया कि तीन जून की सुबह पिपरौली गांव के समीप बंबा में एक महिला का शव मिला था। चेहरे पर गंभीर चोटों के कारण उसकी पहचान नहीं हो पा रही थी। घटनास्थल की जांच के दौरान पुलिस को फटी हुई हालत में एक रेलवे टिकट मिला। टिकट के टुकड़ों को जोड़ने पर पता चला कि वह उत्तर प्रदेश के मथुरा से ग्वालियर की यात्रा का था। इसके बाद पुलिस ने जांच का फोकस रेलवे मार्ग पर केंद्रित किया।

जांच दल मथुरा पहुंचा और करीब 500 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच की। एक महिला की साड़ी के आधार पर उसकी पहचान की कड़ी मिली। फुटेज में उसके साथ एक युवक भी दिखाई दिया। इसके बाद ग्वालियर रेलवे स्टेशन और भिण्ड की ओर जाने वाले मार्गों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए। जांच में सामने आया कि महिला ग्वालियर से भिण्ड की ट्रेन में सवार हुई और सोनी रेलवे स्टेशन पर उतरी, जहां उसके साथ दो युवक नजर आए।

पुलिस ने पहचान के आधार पर अजनौल निवासी नारायण बघेल को हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने पूरी वारदात स्वीकार कर ली। आरोपी ने बताया कि करीब तीन वर्ष पहले सूरत में उसकी मुलाकात प्रतापगढ़ निवासी इंद्रावती से हुई थी और दोनों के बीच प्रेम संबंध बन गए थे। बाद में दोनों ने भिण्ड के दंदरौआ स्थित मंदिर में विवाह भी किया था। वहीं उसका लगभग 10 वर्ष पुराना प्रेम संबंध भिण्ड निवासी संगीता बघेल से भी था।

पुलिस के अनुसार इंद्रावती विवाह के बाद लगातार साथ रहने और अपने अधिकारों की बात कर रही थी। करीब आठ माह पहले उसने पुलिस में आवेदन भी दिया था। इसी बीच संगीता लगातार नारायण पर इंद्रावती से संबंध समाप्त करने का दबाव बना रही थी। इससे छुटकारा पाने के लिए नारायण ने अपने मित्र उत्तर प्रदेश के इटावा निवासी कुंदन बाथम के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची।

आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह इंद्रावती को लेकर मथुरा, आगरा और ग्वालियर होते हुए सोनी रेलवे स्टेशन पहुंचा। वहां से शॉर्टकट मार्ग से मेहगांव और पिपरौली की ओर पैदल जाते समय सुनसान स्थान पर उसने इंद्रावती का गला घोंट दिया। इसके बाद कुंदन बाथम ने फावड़े से उसके चेहरे पर कई वार किए ताकि उसकी पहचान नहीं हो सके।

वही वारदात के बाद दोनों शव को बंबा के पास छोड़कर फरार हो गए। पुलिस ने मामले में मुख्य आरोपी नारायण बघेल, उसके सहयोगी कुंदन बाथम तथा एक अन्य आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। मामले की जांच जारी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित