मुंबई , नवंबर 07 -- िंदी सिनेमा के दिग्गज अभिनेता प्रेमनाथ की 100वीं जयंती के अवसर पर ज़ी क्लासिक नवंबर महीने में विशेष कार्यक्रम 'अमर प्रेमनाथ' के माध्यम से उनकी अद्भुत जीवन यात्रा और फिल्मी विरासत को याद करेगा। इस विशेष आयोजन के तहत चार भागों की डॉक्यूमेंट्री सीरीज के साथ उनकी कुछ यादगार फिल्मों का भी प्रसारण किया जाएगा।
प्रेमनाथ ने हिंदी सिनेमा में अपने दमदार व्यक्तित्व, शानदार अभिनय और अलग अंदाज से विशिष्ट पहचान बनाई थी। अपने करियर के शुरुआती दौर में नायक के रूप में लोकप्रियता हासिल करने से लेकर चरित्र भूमिकाओं में अपनी अभिनय क्षमता का लोहा मनवाने तक उन्होंने कई यादगार किरदार निभाए। बदलते दौर के साथ अपने अभिनय को नए आयाम देने वाले प्रेमनाथ आज भी सिनेप्रेमियों के बीच खास स्थान रखते हैं।उनके पुत्र मोंटी नाथ द्वारा निर्मित चार भागों की डॉक्यूमेंट्री सीरीज 'अमर प्रेमनाथ' में अभिनेता के जीवन, उनके फिल्मी सफर और उनकी विरासत से जुड़े विभिन्न पहलुओं को प्रस्तुत किया जाएगा। इस विशेष कार्यक्रम का प्रसारण सात नवंबर से प्रत्येक शनिवार सुबह 11:30 बजे किया जाएगा। इसके बाद दोपहर 12 बजे उनकी एक चर्चित फिल्म दिखाई जाएगी।
कार्यक्रम के तहत सात नवंबर को डॉक्यूमेंट्री सीरीज का पहला भाग प्रसारित होगा, जिसके बाद फिल्म 'देश प्रेमी' दिखाई जाएगी। 14 नवंबर को सीरीज का दूसरा भाग और फिल्म 'रोटी कपड़ा और मकान' का प्रसारण होगा। 21 नवंबर को प्रेमनाथ की 100वीं जयंती के अवसर पर तीसरा भाग दिखाया जाएगा, जिसके बाद उनकी लोकप्रिय फिल्म 'बॉबी' प्रसारित होगी। वहीं, 28 नवंबर को सीरीज के अंतिम भाग के साथ फिल्म 'कालीचरण' दिखाई जाएगी।
दिग्गज अभिनेता शत्रुघ्न सिन्हा ने प्रेमनाथ को याद करते हुए कहा कि उन्होंने उनकी सभी फिल्में देखी हैं और उनके अभिनय की हमेशा सराहना की है। उन्होंने कहा, "बरसात', 'रुस्तम सोहराब' और 'आन' में उनका अभिनय जबरदस्त था। प्रेमनाथ की सबसे खास बात यह थी कि वह जो भी करते थे, अपने ही अंदाज में करते थे। वह बिल्कुल मौलिक कलाकार थे। उन्होंने न कभी किसी की नकल की और न ही किसी कलाकार के सामने खड़े होने में हीन भावना महसूस की। उनके सामने तो अच्छे-अच्छे कलाकारों के अंदर हीन भावना पैदा हो जाती थी।"'अमर प्रेमनाथ' के माध्यम से ज़ी क्लासिक का यह विशेष आयोजन न केवल प्रेमनाथ के शानदार अभिनय को फिर से याद करने का अवसर देगा, बल्कि नई पीढ़ी के दर्शकों को भी हिंदी सिनेमा में उनके योगदान और उनकी समृद्ध विरासत से परिचित कराएगा।
'अमर प्रेमनाथ' का प्रसारण नवंबर महीने में प्रत्येक शनिवार सुबह 11:30 बजे और उसके बाद संबंधित फिल्म दोपहर 12 बजे केवल ज़ी क्लासिक पर किया जाएगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित