झाबुआ , मई 31 -- मध्यप्रदेश के आदिवासी बहुल झाबुआ जिले में प्री मानसून गतिविधियों के तहत हुई वर्षा से लोगों को भीषण गर्मी और उमस से राहत मिली है। वर्षा के बाद मौसम सुहावना हो गया है तथा खरीफ फसलों के लिए भी इसे लाभदायक माना जा रहा है।

भू-अभिलेख कार्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार रविवार को झाबुआ में 21.2 मिलीमीटर, रामा में 10.3 मिलीमीटर, थांदला में 9.4 मिलीमीटर तथा पेटलावद में 7.8 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई। वहीं 30 मई को पेटलावद में 15 मिलीमीटर, राणापुर में 22 मिलीमीटर तथा मेघनगर में एक मिलीमीटर वर्षा रिकॉर्ड की गई।

जिले के अनेक ग्रामीण क्षेत्रों में भी अच्छी वर्षा हुई। तेज वर्षा के कारण कई स्थानों पर सड़कों पर पानी बहता नजर आया। नौतपा के दौरान हुई इस वर्षा को लेकर स्थानीय लोगों का मानना है कि यदि इस अवधि में वर्षा का पानी बहकर निकल जाए तो आगामी दिनों में अच्छी वर्षा की संभावना बढ़ जाती है। मौसम विभाग ने जिले में चार जून तक वर्षा की संभावना व्यक्त करते हुए चेतावनी जारी की है। विभाग के अनुसार इस अवधि में जिले में औसतन चार इंच तक वर्षा हो सकती है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित