उलानबटार (मंगोलिया) , मार्च 30 -- भारत की प्रीति पंवार और दीपक ने सोमवारको एशियाई मुक्केबाजी चैंपियनशिप 2026 में अपने-अपने शुरुआती दौर के मुकाबले जीत लिए हैं। आज यहां महिलाओं की 54 किग्रा भार वर्ग में, विश्व बॉक्सिंग कप फाइनल की गोल्ड मेडलिस्ट प्रीति पंवार ने जबरदस्त प्रदर्शन करते हुए कज़ाकिस्तान की पूर्व एशियाई अंडर-22 चैंपियन एलिना बाजारोवा को 5-0 के एकतरफा फैसले से हराया।

पुरुषों की 70 किग्रा वर्ग में, एशियाई यूथ बॉक्सिंग चैंपियनशिप के कांस्य पदक विजेता दीपक ने अपनी सूझबूझ और मज़बूती का प्रदर्शन करते हुए उज्बेकिस्तान के खावासबेक असादुल्लायेव को 3-2 के विभाजित फैसले से हराया।

इस बीच, ओलंपिक पदक विजेता लवलीना बोरगोहेन (75किग्रा) और पूर्व विश्व चैंपियन निकहत जरीन (51 किग्रा) को अपने-अपने शुरुआती दौर में 'बाय' (सीधा प्रवेश) मिला। जैस्मीन लंबोरिया (57किग्रा), अंकुशिता बोरो (65किग्रा), अरुंधति चौधरी (70 किग्रा) और अल्फ़िया पठान (80 प्लास किग्रा) को भी पहले दौर में 'बाय' मिला।

दूसरी ओर, विश्व चैंपियन मीनाक्षी हुड्डा (48किग्रा) मंगलवार को अपने शुरुआती मुकाबले में जापान की यूका सादामत्सु का सामना करेंगी, जबकि ओलंपियन पूजा रानी (80 किग्रा) कजाकिस्तान की नादेज़दा र्याबेट्स से भिड़ेंगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित