गुवाहाटी , फरवरी 19 -- कांग्रेस महासचिव एवं पार्टी की असम की छानबीन समिति की प्रमुख प्रियंका गांधी वाड्रा ने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गौरव गोगोई, असम के पर्यवेक्षक डी के शिवकुमार तथा अन्य नेताओं के साथ गुरुवार को यहां प्रसिद्ध मां कामाख्या मंदिर में पूजा-अर्चना की।

श्रीमती वाड्रा ने सोशल मीडिया एक्स पर यह जानकारी देते हुए लिखा "मां कामाख्या देवी के दर्शन कर आशीर्वाद लिया और असम तथा समस्त देश के कल्याण की कामना की। मैं, मां कामाख्या देवी का आशीर्वाद लेने आई हूं, मां कामाख्या देवी के साथ करोड़ों लोगों की आस्था जुड़ी हुई है। हमारे हर एक भारतवासी भाई-बहन पर मां की कृपा बनी रहे। जय मां कामाख्या।"कांग्रेस छानबीन समिति की प्रमुख श्रीमती वाड्रा असम में दो दिन के दौरे पर हैं। असम विधानसभा चुनाव से पहले अपने दौरे की शुरुआत करने से पूर्व उन्होंने माता के दर्शन किए। इस दौरान उनके साथ पार्टी के असम के पर्यवेक्षक डी के शिवकुमार तथा कई अन्य नेता भी मौजूद थे।

श्रीमती वाड्रा के माता कामाख्या के दर्शन का फोटो पोस्ट करने पर भाजपा ने इस पर तंज करते हुए इसे चुनावी आस्था करार दिया और कहा कि चुनाव शुरु होते ही कांग्रेस नेताओं का मंदिर दर्शन का कार्यक्रम शुरु हो जाता है।

कांग्रेस प्रवक्ता सुप्रिया श्रीनेत ने भाजपा को करारा जवाब देते हुए कहा कि श्रीमती वाड्रा की मां भगवती के प्रति असीम श्रद्धा और गहरी आस्था है। वह मां की भक्त हैं और इस मामले में उन्हें किसी के प्रमाणपत्र की जरूरत नहीं है। श्रीमती वाड्रा ने इस दौरान प्रदेश के कार्यकर्ताओं से मुलाकात कर उन्हें संबोधित किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित