गुवाहाटी , फरवरी 18 -- कांग्रेस महासचिव एवं पार्टी की असम की छानबीन समिति की प्रमुख प्रियंका गांधी वाड्रा ने गुरुवार को प्रदेश अध्यक्ष तथा कांग्रेस सांसद गौरव गोगोई के साथ यहां पवित्र मां कामाख्या के दर्शन कर मंदिर में पूजा-अर्चना की।

श्रीमती वाड्रा ने मंदिर में दर्शन करते हुए एक चित्र के साथ सोशल मीडिया एक्स पर एक पोस्ट में यह जानकारी दी। उन्होंने लिखा यहां मां कामाख्या देवी का दर्शन कर आशीर्वाद लिया और असम तथा समस्त देश के कल्याण की कामना की। मैं मां कामाख्या देवी का आशीर्वाद लेने आई हूं, मां कामाख्या देवी के साथ करोड़ों लोगों की आस्था जुड़ी हुई है। हमारे हर एक भारतवासी भाई-बहन पर मां की कृपा बनी रहे। जय मां कामाख्या।"कांग्रेस छानबीन समिति की प्रमुख श्रीमती वाड्रा असम में दो दिन के दौरे पर है। अपने चुनावी दौरे की शुरुआत करने से पहले उन्होंने माता के दर्शन किए। इस दौरान उनके साथ पार्टी के असम के पर्यवेक्षक डी के शिवकुमार भी मौजूद थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित