गोरखपुर , जून 16 -- अन्तर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर महायोगी गुरु गोरखनाथ योग संस्थान गोरखनाथ मन्दिर गोरखपुर एवं महाराणा प्रताप शिक्षा परिषद् गोरखपुर द्वारा आयोजित साप्ताहिक योग शिविर एवं शैक्षिक कार्यशाला के दूसरे दिन प्राणायाम विषय पर संगोष्ठी का आयोजन किया गया।

संगोष्ठी में बतौर मुख्य वक्ता दीपांजन योग संस्थान गोरखपुर के योगाचार्य डॉ. प्रमोद कुमार ने कहा कि प्राणायाम हमारी जीवनी शक्ति का आधार है। प्राण हमारे शरीर की सभी इन्द्रियों का स्वामी है, यदि हम उस इन्द्रियों के स्वामी को आयाम देते हैं अर्थात् शरीर के अन्दर जाने वाली प्राण वायु को सही दिशा देते हैं तो हमारी सभी इन्द्रियाँ भी सही दिशा में कार्य करती हैं। जिससे हम शारीरिक और मानसिक दोनों रूप में स्वस्थ रह सकते हैं।

उन्होंने कहा कि श्वास-प्रश्वास की प्रक्रिया के लिए हमारे नासिका के दो छिद्र हमें मिले हैं। यह केवल दो छिद्र ही नहीं अपितु सम्पूर्ण ब्रह्मांड के दो भाग हैं। ब्रह्मांड मे जो कुछ है वह हमारे पिंड में भी है। हमारा दाहिना छिद्र सूर्य नाड़ी तथा बायां छिद्र चन्द्र नाड़ी होती है। प्राणायाम से इन दोनों नाड़ियों को मिला देना ही गोरखनाथ जी का हठयोग है।

उन्होंने कहा कि प्राणायाम शरीर के अंदर ऑक्सीजन लेवल को संतुलित करता है और शरीर की कोशिकाओं को मजबूत बनाता है। इससे मस्तिष्क का विकास तो होता ही है साथ में तनाव से भी मुक्ति मिलती है। हमें मन को प्रसन्न रखने के लिए कुंभक प्राणायाम करना चाहिए। अधिक क्रोध वाले व्यक्ति को कपालभाति प्राणायाम अधिक नहीं करना चाहिए और भ्रामरी प्राणायाम से हाई ब्लड प्रेशर से निजात मिलता है। कम उम्र के बच्चे भी प्राणायाम को सरलतया करते हुए अपना सर्वांगीण विकास कर सकते हैं।

कार्यक्रम के सहवक्ता श्री गोरक्षनाथ संस्कृत विद्यापीठ के प्राचार्य डॉ. अरविंद चतुर्वेदी ने कहा कि प्राणायाम हमारे जीवन का अभिन्न अंग है, इसीलिए हमारे पूर्वजों ने हमारी दिनचर्या में जो भी सन्ध्या-वन्दन आदि नित्य कर्म अथवा धार्मिक अनुष्ठान बताएं हैं उन सभी में सबसे पहले प्राणायाम करने का विधान किया है। प्राणायाम से शरीर शुद्धि के साथ-साथ मन भी शुद्ध हो जाता है और हम किसी भी कर्म अथवा उपासना के लिए पूर्ण तैयार हो जाते हैं।

कार्यक्रम की अध्यक्षता श्री गोरखनाथ मंदिर के प्रधान पुजारी योगी कमलनाथ ने की।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित