प्रयागराज , सितम्बर 8 -- उत्तर प्रदेश में प्रयागराज के फूलपुर थाना क्षेत्र में एक होटल में प्राइवेट बैंक के मैनेजर महेंद्र कुमार भारतीय का संदिग्ध हालत में शव मिलने से हड़कंप मच गया। पुलिस ने बताया कि इफको चौकी के पास होटल सुदीप में महेंद्र कुमार भारतीय (40) का शव मिला। मृतक प्रतापपुर स्थित साईं समर्पण बैंक की शाखा में मैनेजर के पद पर काम करते थे। सुबह पुलिस को सूचना मिली कि होटल के कमरे में महेंद्र कुमार भारतीय बेहोश पड़े हैं। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और उन्हें तुरंत सीएचसी फूलपुर ले जाया गया। सुबह करीब सात बजे सीएचसी पहुंचने पर डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत बताया।

डॉक्टरों ने यह भी कहा कि सीएचसी लाने से पहले ही उनकी मौत हो चुकी थी।घटना की जानकारी मिलते ही फूलपुर थाना पुलिस और इफको चौकी की टीम मौके पर पहुंची। फॉरेंसिक टीम भी वहां पहुंचकर जांच कर रही है और सबूत जुटा रही है।पुलिस सूत्रों के अनुसार, पुलिस ने होटल के कमरे में मौजूद एक महिला को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है। हालांकि, पुलिस ने अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। थाना प्रभारी शेषनाथ पाल ने बताया कि पुलिस ने पंचनामा कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। मामले की जांच चल रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह का पता चल पाएगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित