अहमदाबाद , नवंबर 02 -- प्राइम वॉलीबॉल लीग (पीवीएल) का पांचवां सीजन यहां के नारनपुरा स्थित वीर सावरकर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में 30 नवंबर से प्रतियोगिता शुरू होगी।

एक महीने तक चलने वाले इस खेल आयोजन में भारत के शीर्ष वॉलीबॉल खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों के साथ मुकाबला करेंगे। यह लीग पूरे देश में पेशेवर वॉलीबॉल की पहुंच और लोकप्रियता बढ़ाने के अपने मिशन को आगे बढ़ा रही है। यह घोषणा ऐसे समय में हुई है जब अहमदाबाद एक प्रमुख खेल केंद्र के रूप में अपनी स्थिति मजबूत कर रहा है। शहर 2030 राष्ट्रमंडल खेलों की तैयारियों में जुटा है और 2036 ओलंपिक खेलों की मेजबानी करने की भी महत्वाकांक्षा रखता है।

30 नवंबर से अहमदाबाद में शुरू होने वाले इस रोमांचक सीज़न में दस टीमें - अहमदाबाद डिफेंडर्स, बेंगलुरु टॉरपीडोज़, कालीकट हीरोज़, चेन्नई ब्लिट्ज़, दिल्ली तूफ़ान, गोवा गार्डियंस, कोच्चि ब्लू स्पाइकर्स, कोलकाता थंडरबोल्ट्स, मुंबई मीटिओर्स और तेलुगु ब्लैक हॉक्स - प्रतिष्ठित पीवीएल ट्रॉफी जीतने के लिए एक-दूसरे से मुकाबला करेंगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित