मुंबई , अक्टूबर 30 -- लोकप्रिय फ्रेंचाइजी 'मिर्जापुर' की दुनिया एक बार फिर दर्शकों के बीच लौट आई है। सिनेमाघरों में शानदार प्रदर्शन के बाद 'मिर्जापुर: द मूवी' अब प्राइम वीडियो पर भारत समेत दुनिया के 240 से अधिक देशों और क्षेत्रों में स्ट्रीम हो रही है। फिल्म के डिजिटल प्रीमियर के साथ दर्शकों को एक बार फिर पूर्वांचल की सत्ता, साजिश और दुश्मनी की दुनिया देखने का मौका मिलेगा।अमेजन एमजीएम स्टूडियोज और एक्सेल एंटरटेनमेंट के बैनर तले बनी इस क्राइम थ्रिलर को पुनीत कृष्णा ने लिखा है और गुरमीत सिंह ने निर्देशित किया है। फिल्म के निर्माता रितेश सिधवानी और फरहान अख्तर हैं।
फिल्म में अली फजल, पंकज त्रिपाठी और दिव्येंदु मुख्य भूमिकाओं में हैं। इनके अलावा जितेंद्र कुमार, रवि किशन, अभिषेक बनर्जी, रसिका दुगल, मोहित मलिक, शीबा चड्ढा, राजेश तैलंग, श्रिया पिलगांवकर, हर्षिता गौर, श्वेता त्रिपाठी शर्मा, सोनल चौहान, अनंग्शा बिस्वास, शाजी चौधरी, सतेंद्र सोनी, कुलभूषण खरबंदा और सुशांत सिंह ने भी महत्वपूर्ण भूमिकाएं निभाई हैं।
फिल्म की कहानी दर्शकों को सीरीज के पहले सीजन के दौर में ले जाती है, जहां कई पुराने और लोकप्रिय किरदार फिर से नजर आते हैं। मिर्जापुर की गद्दी के लिए सत्ता संघर्ष इस बार पूर्वांचल से लेकर रेगिस्तान तक फैला दिखाई देता है। फिल्म का एक्सटेंडेड कट भी दर्शकों के लिए खास आकर्षण है, जिसमें कुछ ऐसे दृश्य शामिल किए गए हैं, जिन्हें पहले नहीं दिखाया गया था।
निर्देशक गुरमीत सिंह ने कहा, "'मिर्जापुर: द मूवी' के जरिए हमारा उद्देश्य इस लोकप्रिय दुनिया को बड़े पर्दे पर नए अंदाज में पेश करना था। इन किरदारों को नए तरीके से प्रस्तुत करना रोमांचक अनुभव रहा। हमने मिर्जापुर की पहचान रही वास्तविक और दमदार कहानी को बरकरार रखा है। अब फिल्म के प्राइम वीडियो पर आने से अधिक दर्शक इस दुनिया से जुड़ सकेंगे। एक्सटेंडेड कट में कुछ ऐसे दृश्य भी हैं, जो दर्शकों के लिए नया अनुभव होंगे।"एक्सेल एंटरटेनमेंट के निर्माता रितेश सिधवानी और फरहान अख्तर ने कहा कि पिछले कई वर्षों में दर्शकों ने 'मिर्जापुर' और इसके किरदारों को जो प्यार दिया है, वह उनके लिए बेहद खास है। फ्रेंचाइजी को बड़े पर्दे पर लाना एक नया अनुभव था और अब डिजिटल रिलीज के जरिए इसे और अधिक दर्शकों तक पहुंचाने की उम्मीद है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित