मुंबई , मई 29 -- प्राइम वीडियो की अली फज़ल, सोनाली बेंद्रे और आमिर बशीर अभिनीत दिल दहला देने वाली इन्वेस्टिगेटिव थ्रिलर राख का ग्लोबल प्रीमियर 12 जून को होगा। इस सीरीज़ का निर्देशन और एग्जीक्यूटिव प्रोडक्शन प्रोसित रॉय ने किया है, इसे अनुशा नंदकुमार और संदीप साकेत ने बनाया, लिखा और सह-निर्देशित किया है, जबकि संवाद आयुष त्रिवेदी ने लिखे हैं। एंडेमोल शाइन इंडिया और भाडिपा के सहयोग से दीपक धर, ऋषि नेगी, मृणालिनी जैन और श्याम राठी ने इस सीरीज़ का निर्माण किया है। राख में सोनाली बेंद्रे, अली फज़ल और आमिर बशीर मुख्य भूमिकाओं में नजर आएंगे। यह सीरीज़ प्राइम वीडियो पर भारत सहित दुनिया के 240 से अधिक देशों और क्षेत्रों में रिलीज़ होगी।
राख एक इन्वेस्टिगेटिव ड्रामा सीरीज़ है, जो अपराधी की मानसिकता और आम जिंदगी के पीछे छिपे अंधेरे को गहराई से दिखाती है। जब दो किशोर अचानक बिना किसी भनक के गायब हो जाते हैं, तो एक खुशहाल परिवार टूट जाता है और पूरा शहर दहशत में आ जाता है। सच्चाई तक पहुंचने के लिए एक जुझारू जांच अधिकारी देशभर में तलाश अभियान शुरू करता है लेकिन जैसे-जैसे वह मामले की गहराई में जाता है, यह केस उसे हिंसा और इंसानी क्रूरता की एक भयावह दुनिया में खींच लेता है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित