रांची , जून 03 -- झारखंड की राजधानी रांची के नगड़ी क्षेत्र में प्रस्तावित रिम्स-2 परियोजना के भूमि पूजन कार्यक्रम से पहले स्थानीय ग्रामीणों ने विरोध प्रदर्शन कर अपनी नाराजगी जाहिर की।
ग्रामीणों ने जमीन पर झंडा गाड़कर प्रशासन और सरकार के खिलाफ विरोध दर्ज कराया तथा स्पष्ट कहा कि उनकी कृषि योग्य भूमि पर किसी भी कीमत पर निर्माण कार्य नहीं होने दिया जाएगा। ग्रामीणों का कहना है कि जिस भूमि पर रिम्स-2 के निर्माण की योजना बनाई गई है, वह वर्षों से खेती के लिए उपयोग में लाई जा रही उपजाऊ जमीन है।
लोगों का कहना है कि इस भूमि से सैकड़ों किसान परिवारों की आजीविका जुड़ी हुई है। ऐसे में अस्पताल निर्माण के लिए किसी वैकल्पिक स्थान का चयन किया जाना चाहिए। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि वे विकास कार्यों के विरोधी नहीं हैं, लेकिन किसानों की उपजाऊ जमीन का अधिग्रहण कर परियोजना स्थापित करना उचित नहीं होगा।
ग्रामीणों ने बताया कि नगड़ी क्षेत्र में रिम्स-2 के लिए जमीन चयन किए जाने के बाद से लगातार विरोध दर्ज कराया जा रहा है। इससे पूर्व भी कई बार धरना-प्रदर्शन, बैठक और जनसभाओं के माध्यम से ग्रामीण अपनी आपत्तियां प्रशासन तक पहुंचा चुके हैं। उनका आरोप है कि स्थानीय लोगों की सहमति के बिना परियोजना को आगे बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है।
इस मुद्दे पर कई किसान संगठनों और सामाजिक संस्थाओं ने भी ग्रामीणों का समर्थन किया है। उनका कहना है कि विकास योजनाओं के साथ किसानों के हितों और आजीविका की सुरक्षा सुनिश्चित करना भी आवश्यक है। ग्रामीणों ने सरकार से मांग की है कि परियोजना के लिए वैकल्पिक भूमि का चयन कर कृषि योग्य जमीन को बचाया जाए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित