भरतपुर , अक्टूबर 31 -- राजस्थान में भरतपुर के जनाना अस्पताल में ऑपरेशन से प्रसव के बाद ज्यादा खून बहने से प्रसूता की मौत से आक्रोशित परिजनों ने हंगामा कर दिया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार हीरा सिंह ने पत्नी हरबति को 29 अक्टूबर को प्रसव के लिए जनाना अस्पताल में भर्ती कराया था। ऑपरेशन से प्रसव के बाद हरबति की तबीयत बिगड़ने पर उसे भरतपुर के आरबीएम अस्पताल भेजा गया।

आईसीयू में शनिवार सुबह उसकी मौत हो गई। प्रसूता की मौत से उत्तेजित परिजनों ने हंगामा करते हुए अस्पताल प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि समय पर उचित देखभाल न मिलने और लापरवाही के कारण हरबति की जान गई है।

इस मामले को लेकर चिकित्सकों ने कहा कि नवजात की नाल फंसी हुई थी, जिसके बारे में परिजनों को पहले ही बताया जा चुका था। नवजात शिशु पूरी तरह स्वस्थ है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित