सोनभद्र , मई 30 -- उत्तर प्रदेश के सोनभद्र जिले में प्रसव के दौरान एक महिला की मौत के बाद जिला प्रशासन ने बिना पंजीकरण संचालित एक निजी अस्पताल को सील कर दिया है। मामले में अस्पताल संचालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने शनिवार को बताया कि कोन थाना क्षेत्र के सोना सिंगा गांव निवासी सीमा पत्नी देवनारायण प्रसव के लिए सुबह कचनरवा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंची थीं। प्राथमिक जांच के बाद उन्हें एम्बुलेंस 108 से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कोन रेफर किया गया था।

आरोप है कि एम्बुलेंस के ईएमटी ने निर्धारित सरकारी स्वास्थ्य केंद्र ले जाने के बजाय महिला को बिना पंजीकरण संचालित ग्लोबल हॉस्पिटल पहुंचा दिया। परिजनों के अनुसार अस्पताल में ऑपरेशन के दौरान महिला की मृत्यु हो गई, जिसके बाद संबंधित चिकित्सक और अन्य कर्मचारी मौके से फरार हो गए।

मामले की जानकारी मिलते ही जिलाधिकारी ने उपजिलाधिकारी ओबरा विवेक कुमार सिंह, अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. गुलाब शंकर यादव, उप मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. कीर्ति आजाद बिंद तथा पुलिस क्षेत्राधिकारी कोन को संयुक्त जांच के लिए मौके पर भेजा।

जांच टीम और पुलिस ने मौके पर पहुंचकर अवैध रूप से संचालित ग्लोबल हॉस्पिटल को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया। पुलिस ने मृतका के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

जिलाधिकारी ने बताया कि अस्पताल संचालक नसीम अहमद के विरुद्ध कोन थाने में प्राथमिकी दर्ज कर विधिक कार्रवाई प्रारंभ कर दी गई है। प्रशासन पूरे मामले की जांच कर रहा है, जिसमें एम्बुलेंस कर्मियों की भूमिका की भी पड़ताल की जा रही है। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जनपद में बिना पंजीकरण संचालित अस्पतालों और अन्य स्वास्थ्य संस्थानों के खिलाफ अभियान जारी रहेगा तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित