श्रीनगर , अगस्त 12 -- जम्मू-कश्मीर की राज्य जांच एजेंसी (एसआईए) ने बुधवार को प्रसिद्ध कश्मीरी कवि व लेखक सर्वानंद कौल 'प्रेमी' और उनके छोटे बेटे वीरेंद्र कौल की 1990 में हुई हत्या के सिलसिले में जम्मू-कश्मीर में नौ स्थानों पर छापेमारी की।

अधिकारियों ने बताया कि यह तलाशी अनंतनाग जिले के डोरू थाने में दर्ज प्राथमिकी के तहत की गई। इस मामले की जांच अब एसआईए को सौंप दी गई है।

बुधवार को चलाए गए इस अभियान के दौरान तलाशी वाले स्थानों, बरामद सामग्री या सबूतों के संबंध में विस्तृत विवरण का अभी इंतजार है।

श्री प्रेमी (65) और उनके बेटे वीरेंद्र (27) की मई 1990 में दक्षिण कश्मीर के अनंतनाग जिले स्थित उनके पैतृक गांव में आतंकियों ने हत्या कर दी थी। इस घटना के एक सप्ताह के भीतर ही कौल परिवार ने कश्मीर छोड़ दिया था।

श्री प्रेमी एक प्रसिद्ध कवि, लेखक और अनुवादक थे, जिन्होंने तीन दर्जन से अधिक पुस्तकें लिखी थीं। उनकी प्रमुख साहित्यिक रचनाओं में 'भगवद गीता' का उर्दू में, 'रामायण' का कश्मीरी में और रवींद्रनाथ टैगोर की 'गीतांजलि' का अनुवाद शामिल है।

ताजा छापेमारी एसआईए द्वारा 1990 में कश्मीरी पंडित नर्स सरला भट की हत्या से जुड़े एक अन्य लंबे समय से लंबित मामले में आरोप पत्र दाखिल करने के एक महीने से अधिक समय बाद हुई है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित