पिथौरागढ़ , अप्रैल 30 -- उत्तराखंड की प्रसिद्ध आदि कैलाश यात्रा 01 मई से शुरू होगी।

जिलाधिकारी आशीष भटगांई ने बताया कि यात्रा को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। यात्रा मार्ग पूरी तरह दुरुस्त हैं और सड़कें सुचारू हैं। मार्गों के रखरखाव और संचालन की जिम्मेदारी सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) को दी गई है।

यात्रियों की सुरक्षा के लिए विभिन्न पड़ावों पर प्रशासनिक अधिकारियों और सुरक्षा बलों की तैनाती की गई है। सभी संबंधित विभाग अलर्ट मोड पर कार्य कर रहे हैं और आवश्यक व्यवस्थाएँ सुनिश्चित कर ली गई हैं।

उपजिलाधिकारी धारचूला आशीष जोशी ने बताया कि अभी तक 160 श्रद्धालुओं की ओर से पंजीकरण किया गया है। इनमें से 70 से 80 श्रद्धालुओं को इनर लाइन परमिट (पास) जारी किए जा चुके है और यह प्रक्रिया जारी है।

यात्रियों से अपील की गई है कि वे यात्रा से पहले मौसम की ताजा जानकारी अवश्य लें। उच्च हिमालयी क्षेत्र को देखते हुए 4x4 वाहनों के उपयोग की सलाह दी गई है।

प्रशासन ने यात्रियों से अनुरोध किया है कि वे यात्रा से पहले अपना इनर लाइन परमिट, स्वास्थ्य संबंधी सावधानियाँ और मौसम संबंधी दिशा-निर्देशों का पालन अनिवार्य रूप से करें।

जिला प्रशासन ने विश्वास जताया है कि सभी के सहयोग से यह यात्रा सुरक्षित, व्यवस्थित और सफलतापूर्वक संपन्न होगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित