उत्तरकाशी , अक्टूबर, 12 -- पहाड़ी और दुर्गम क्षेत्रों में आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं के लिए हेली एंबुलेंस सेवा महत्वपूर्ण साबित हो रही है। इसी कड़ी में सोमवार को उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिला चिकित्सालय में भर्ती एक गर्भवती महिला को प्रसव में कठिनाइयां होने पर हेली एंबुलेंस के माध्यम से एम्स ऋषिकेश रेफर किया गया।

जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र से प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम बधाण गांव, तहसील चिन्यालीसौड़ निवासी 35 वर्षीय रुचि रमोला पत्नी नवीन चंद रमोला प्रसव के लिए जिला चिकित्सालय में भर्ती थीं। प्रसव में आ रही कठिनाइयों को देखते हुए चिकित्सकों ने परिजनों को महिला को उच्च चिकित्सा केंद्र ले जाने की सलाह दी। इसके बाद परिजनों ने जिला प्रशासन से हेली एंबुलेंस उपलब्ध कराने का अनुरोध किया।

प्रशासन ने उत्तराखंड नागरिक उड्डयन विकास प्राधिकरण (यूकाडा) से समन्वय कर महिला के लिए हेली एंबुलेंस की व्यवस्था कराई। सोमवार अपराह्न करीब एक बजे महिला को हेली एंबुलेंस से एम्स ऋषिकेश भेजा गया। पहाड़ी क्षेत्रों में सड़क मार्ग से लंबी दूरी तय करने और दुर्गम भौगोलिक परिस्थितियों के कारण गंभीर मरीजों को समय पर उपचार उपलब्ध कराना चुनौतीपूर्ण रहता है। ऐसे में हेली एंबुलेंस सेवा मरीजों को उच्च चिकित्सा केंद्रों तक पहुंचाने में मददगार साबित हो रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित