रायपुर , जुलाई 22 -- छत्तीसगढ़ के राज्यपाल रमेन डेका ने राज्य लोक सेवा आयोग के वर्ष 2025 बैच के प्रशिक्षु उप कलेक्टरों से कहा कि प्रशासनिक सेवा केवल एक पद नहीं, बल्कि आम जनता की सेवा का महत्वपूर्ण अवसर है। उन्होंने अधिकारियों से सेवा भाव, संवेदनशीलता, ईमानदारी और तार्किक निर्णय क्षमता के साथ दायित्व निभाने का आह्वान किया।
श्री डेका ने लोकभवन में बुधवार को प्रशिक्षु अधिकारियों से चर्चा करते हुए कहा कि चुनौतियों के बीच ही नए अवसर भी मौजूद होते हैं। इसलिए प्रत्येक परिस्थिति का सकारात्मक दृष्टिकोण से सामना करते हुए जनता के हित में निर्णय लेना प्रशासनिक अधिकारियों का दायित्व है।
उन्होंने कहा कि प्रशासनिक निर्णयों में मानवीय संवेदनाओं का समावेश होना चाहिए और प्रत्येक कार्य में "ह्यूमन टच" आवश्यक है, ताकि शासन की योजनाओं का वास्तविक लाभ आम नागरिकों तक पहुंच सके। उन्होंने अधिकारियों को नियमित जनसंवाद, क्षेत्र भ्रमण तथा लोगों की समस्याओं को प्रत्यक्ष रूप से समझने की सलाह दी। साथ ही कहा कि जो कार्य संभव हो उसे प्राथमिकता से पूरा करें और यदि किसी कारणवश कार्य संभव न हो तो संबंधित व्यक्ति को स्पष्ट एवं पारदर्शी जानकारी दें। इससे प्रशासन के प्रति जनता का विश्वास मजबूत होता है।
राज्यपाल ने कहा कि प्रशासनिक अधिकारियों के लिए तार्किक सोच, विवेकपूर्ण निष्कर्ष और तथ्यों के आधार पर निष्पक्ष निर्णय लेना अत्यंत आवश्यक है। जनता को न्याय दिलाना लोक सेवक का प्रथम कर्तव्य है और प्रत्येक अधिकारी को इसी भावना के साथ कार्य करना चाहिए।
उन्होंने प्रशिक्षु अधिकारियों से कहा कि उनके कंधों पर भविष्य के प्रशासन की बड़ी जिम्मेदारी है। उन्हें अपने कार्यों के माध्यम से सुशासन, पारदर्शिता और जनविश्वास को सुदृढ़ करना होगा। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ जैसे शांत, समृद्ध और सांस्कृतिक रूप से समृद्ध राज्य में सेवा करने का अवसर मिलना सौभाग्य की बात है और यहां के लोगों के विश्वास व आत्मीयता पर खरा उतरना ही एक सफल प्रशासनिक अधिकारी की पहचान है।
प्रशिक्षु अधिकारी वर्तमान में छत्तीसगढ़ प्रशासनिक अकादमी, निमोरा में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं। अकादमी के महानिदेशक टी.सी. महावर के नेतृत्व में अधिकारियों ने राज्यपाल से शिष्टाचार मुलाकात की। इस अवसर पर प्रशिक्षण निदेशक मेनका प्रधान तथा प्रशिक्षु अधिकारी उपस्थित थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित