पटना , मई 23 -- भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने शनिवार को कहा कि प्रशिक्षण वर्ग केवल जानकारी प्राप्त करने का माध्यम नहीं, बल्कि वैचारिक मजबूती, संगठनात्मक क्षमता और राष्ट्र सेवा के संकल्प को और सशक्त बनाने का अवसर है। श्री नितिन नवीन ने आज अपने जन्मदिन के अवसर पर बिहार के पटना में पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान 2026' के अंतर्गत आयोजित पटना महानगर जिला प्रशिक्षण शिविर के उद्घाटन समारोह का उद्घाटन किया और उद्घाटन सत्र में कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन किया।

श्री नवीन ने 'पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान' के अंतर्गत आयोजित पटना महानगर जिला प्रशिक्षण वर्ग के दौरान एक विशेष प्रदर्शनी का उद्घाटन किया।

इस अवसर पर श्री नवीन ने कहा कि यह प्रदर्शनी संगठन को सींचने में अपना सर्वस्व अर्पित करने वाले महान कार्यकर्ताओं के संघर्ष, समर्पण एवं तपस्या की गाथा दर्शाने के साथ-साथ यशस्वी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में बीते 12 वर्षों में हुए जनकल्याणकारी कार्यों, उपलब्धियों तथा बिहार में डबल इंजन सरकार द्वारा किए गए विकासात्मक प्रयासों को प्रभावी रूप से प्रस्तुत करने वाली है।

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने "भाजपा का इतिहास, वैचारिक आधार एवं विकास यात्रा" विषय पर कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा की यात्रा केवल एक राजनीतिक दल के विस्तार की कहानी नहीं है, बल्कि यह राष्ट्रवाद, सांस्कृतिक चेतना, सेवा, संघर्ष और अंतिम व्यक्ति तक विकास पहुंचाने के संकल्प की ऐतिहासिक यात्रा है। उन्होंने कहा कि भाजपा की वैचारिक नींव श्यामा प्रसाद मुखर्जी के राष्ट्रवादी चिंतन और पंडित दीनदयाल उपाध्याय के एकात्म मानववाद के दर्शन पर आधारित है। भाजपा का मूल उद्देश्य सत्ता प्राप्त करना नहीं, बल्कि राष्ट्रहित को सर्वोच्च रखते हुए समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास और सम्मान पहुंचाना है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित