भागलपुर , सितंबर 14 -- बिहार के नगर विकास एवं आवास विभाग के मंत्री तथा भागलपुर के जिला प्रभारी मंत्री नीतीश मिश्रा ने अधिकारियों को बाढ़ प्रभावित प्रत्येक परिवार तक राहत सामग्री, स्वास्थ्य सेवाएं एवं अन्य आवश्यक सुविधाएं पहुंचाने तथा किसी भी पात्र व्यक्ति को सरकारी सहायता से वंचित नहीं रहने देने के निर्देश दिए हैं।
श्री मिश्रा ने आज भागलपुर जिले में बाढ़ आपदा राहत कार्यों की समीक्षा बैठक में ये निर्देश दिए। बैठक के आरंभ में जिलाधिकारी अलंकृता पांडेय ने जिले में बाढ़ की वर्तमान स्थिति और राहत कार्यों का प्रस्तुतीकरण किया। उन्होंने 13 सितंबर की स्थिति के अनुसार गंगा एवं कोसी नदी के विभिन्न स्थलों पर जलस्तर में गिरावट के रुझान की जानकारी दी।
जिलाधिकारी ने बताया कि जिले के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों सहित भागलपुर शहर में संचालित सात बाढ़ राहत शिविरों में 2,092 परिवारों के 9,003 लोग रह रहे हैं। शिविरों में शौचालय, स्नानघर, पानी के टैंकर, पॉलिथीन शीट, पशुचारा एवं स्वास्थ्य सेवाओं की व्यवस्था की गई है। गर्भवती महिलाओं के लिए भी आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित