अलवर , मार्च 24 -- राजस्थान में अलवर जिले के गोविंदगढ़ क्षेत्र की छात्रा ने मंगलवार को घोषित माध्यमिक शिक्षा बोर्ड के 10वीं कक्षा के परिणाम में 99.17 फीसदी अंक हासिल करके मेरिट सूची में दूसरा स्थान प्राप्त किया जबकि जिले में पहला स्थान प्राप्त किया है।

कस्बे के नव दिशा पब्लिक स्कूल की छात्रा कशिश खंडेलवाल ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 99.17 प्रतिशत अंक हासिल करके अपने परिवार और विद्यालय का नाम रौशन किया है। कशिश की इस उपलब्धि से परिजनों और स्कूल स्टाफ में खुशी की लहर दौड़ गई। छात्रा के घर पर बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है।

छात्रा ने बताया कि इस परिणाम के लिए शिक्षकों एवं परिजनों का पूरा सहयोग रहा और उसने पढ़ाई के दौरान मोबाइल से दूरी बनाए रखीं और नियमित सात घंटे पढ़ाई करती रही। वह भविष्य में प्रशासनिक सेवा में जाना चाहती हैं।

स्कूल प्रशासन ने बताया कि कभी भी हमने विद्यार्थियों पर पढ़ाई के लिए दबाव नहीं बनाया। सामान्य और नियमित रूप से पढ़ाई की। किसी भी तरह की कोई परेशानी नहीं होने दी। ज्यादातर बच्चों के साथ दिक्कत यह होती है कि वे परीक्षा के दौरान वह दबाव में आ जाते हैं और जो उनको याद होता है उसे भी भूल जाते हैं, लेकिन हमने अपने स्कूल के सभी बच्चों को इसी तरह से प्रेरित किया की परीक्षा के दबाव को उनके दिमाग से खत्म किया।

कशिश के पिता संजय खंडेलवाल और माता चांदनी खंडेलवाल ने बेटी की इस सफलता पर गर्व जताते हुए कहा कि उसकी मेहनत और लगन का यह परिणाम है। उन्होंने बताया कि कशिश शुरू से ही पढ़ाई में होनहार रही है और हमेशा उत्कृष्ट प्रदर्शन करती आई है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित