नयी दिल्ली , अगस्त 03 -- दिल्ली के लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) मंत्री प्रवेश साहिब सिंह ने सोमवार को उत्तर दिल्ली स्थित नजफगढ़ ड्रेन पर नये पैदल पुल (फुटब्रिज) के निर्माण कार्य का शुभारंभ किया।

इस मौके पर श्री सिंह ने कहा कि यह परियोजना दिल्ली सरकार की नागरिक सुरक्षा और बेहतर सार्वजनिक आधारभूत ढांचे के प्रति प्रतिबद्धता का प्रतीक है। उन्होंने हाल में हुई एक पुल दुर्घटना का उल्लेख करते हुए कहा कि इस घटना ने राजधानी में पुलों की नियमित संरचनात्मक जांच (स्ट्रक्चरल ऑडिट) की आवश्यकता को रेखांकित किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछली सरकार के दौरान पुलों का व्यापक सुरक्षा ऑडिट नहीं कराया गया, जिससे कई महत्वपूर्ण संरचनाओं की समय पर जांच नहीं हो सकी।

उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार राजधानी के सभी पुलों, फ्लाईओवरों और फुटओवर ब्रिजों का व्यापक ऑडिट करा रही है ताकि नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके। उन्होंने कहा कि सरकार समस्याओं के गंभीर होने का इंतजार नहीं कर रही है और इसी सोच के तहत इस फुटब्रिज के निर्माण के लिए शीघ्र वित्तीय स्वीकृति देकर काम शुरू कराया गया है। उनके अनुसार, परियोजना पूरी होने के बाद पैदल यात्रियों को सुरक्षित आवागमन, आसपास के इलाकों के बीच बेहतर संपर्क और सार्वजनिक बुनियादी ढांचे पर लोगों का विश्वास मजबूत होगा।

इस परियोजना पर करीब दो करोड़ रुपये खर्च किये जायेंगे और इसे लगभग सात महीने में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। पुल बनने के बाद हजारों लोगों को सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा मिलेगी। नया फुटब्रिज गुड़ मंडी, राजपुरा, रूप नगर, मुखर्जी नगर और यमुना मार्ग को आपस में जोड़ेगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित