पटना , मार्च 10 -- बिहार पुलिस अवर सेवा आयोग ने परिवहन विभाग में प्रवर्तन अवर निरीक्षक के 33 पदों के लिये अंतिम परिणाम घोषित कर दिया है।

आयोग की ओर से जारी परिणाम के अनुसार कुल 33 अभ्यर्थियों का चयन किया गया है।

आयोग के आधिकारिक सूत्रों के अनुसार, चयनित अभ्यर्थियों में 22 पुरुष और 11 महिलायें शामिल हैं। आयोग ने सभी श्रेणियों की रिक्तियों को भरते हुए परिणाम जारी किया है। चयनित अभ्यर्थियों की नियुक्ति के लिये योगदान की प्रक्रिया राज्य परिवहन आयुक्त के स्तर से पूरी की जायेगी।

आयोग ने बताया है कि इस पद के लिये 28 मई, 2025 को विज्ञापन जारी किया गया था। इसके बाद अभ्यर्थियों के चयन के लिये प्रतियोगिता परीक्षा आयोजित की गई थी। चयन प्रक्रिया के तहत प्रारंभिक लिखित परीक्षा और मुख्य लिखित परीक्षा के आधार पर सफल अभ्यर्थियों को शारीरिक जांच परीक्षा और साक्षात्कार के लिये बुलाया गया था।

सभी चरणों की प्रक्रिया पूरी होने के बाद आयोग ने अंतिम रूप से 33 अभ्यर्थियों का चयन करते हुये परिणाम प्रकाशित कर दिया है। अभ्यर्थी विस्तृत परीक्षाफल और अन्य आवश्यक निर्देश आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर ट्रांसपोर्ट डिपार्टमेंट टैब में जाकर देख सकते हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित