बालोद , मई 27 -- छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में दल्लीराजहरा के समीप रजही डैम में नहाने गए प्रयास विद्यालय के एक छात्र की डूबने से मंगलवार को मौत हो गई। करीब सात घंटे चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद एसडीआरएफ टीम ने छात्र का शव बाहर निकाला।

पुलिस से आज मिली जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान मानपुर चौक खम्हारटोला निवासी 17 वर्षीय अनीश कौशल के रूप में हुई है। वह रायपुर स्थित प्रयास विद्यालय में कक्षा 11वीं का छात्र था और गर्मी की छुट्टियों में अपने घर आया हुआ था।

बताया गया है कि अनीश अपने तीन-चार दोस्तों के साथ दल्लीराजहरा शहर से लगभग छह किलोमीटर दूर स्थित रजही डैम में नहाने गया था। सभी युवक कार के टायर में हवा भरकर पानी में तैर रहे थे। इसी दौरान टायर पानी की लहरों के साथ गहरे हिस्से की ओर बहने लगा। टायर को पकड़ने के प्रयास में अनीश गहरे पानी में पहुंच गया और डूबने लगा।

परिजनों के अनुसार अनीश को तैरना अच्छी तरह नहीं आता था। जिस स्थान पर वह डूबा, वहां लगभग 30 फीट गहरा पानी बताया जा रहा है। साथियों ने शोर मचाकर आसपास के लोगों और परिजनों को घटना की सूचना दी।

सूचना मिलने पर सीएसपी विकास पाटले पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। स्थानीय गोताखोरों की मदद से तत्काल रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया, लेकिन डैम में अधिक गहराई और दलदल होने के कारण बचाव कार्य में काफी कठिनाई आई। पुलिस और स्थानीय लोगों ने करीब सात घंटे तक जाल और कांटों की मदद से तलाश की, लेकिन सफलता नहीं मिली।

बाद में दुर्ग से एसडीआरएफ टीम को बुलाया गया। देर शाम टीम आधुनिक उपकरणों और बोट के साथ मौके पर पहुंची और करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद छात्र का शव बाहर निकाला। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

अनीश दो भाइयों में छोटा था। उसके पिता का निधन बचपन में ही हो गया था और उसकी मां मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करती है। स्थानीय लोगों ने बताया कि अनीश पढ़ाई में मेधावी छात्र था। घटना के बाद परिवार और मोहल्ले में शोक का माहौल है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित