प्रयागराज , अक्टूबर 25 -- उत्तर प्रदेश के प्रयागराज हवाई अड्डे पर रविवार से उड़ानों का समय और संचालन के दिन बदल गए हैं। नागर विमानन महानिदेशालय (डीजीसीए) के विंटर शेड्यूल के तहत नया कार्यक्रम 26 मार्च 2027 तक प्रभावी रहेगा।

सबसे बड़ा बदलाव यह है कि शनिवार को प्रयागराज हवाई अड्डे से कोई उड़ान संचालित नहीं होगी। लगातार दूसरे वर्ष प्रयागराज को कोई नई उड़ान भी नहीं मिली है, जिससे यात्रियों को शनिवार की यात्रा के लिए दूसरे दिन का विकल्प चुनना पड़ेगा। अकासा एयर प्रयागराज-मुंबई उड़ान 30 अक्तूबर तक रोजाना रहेगी, इसके बाद शनिवार को छोड़कर सप्ताह में छह दिन संचालित होगी। इंडिगो दिल्ली और मुंबई की उड़ानें शनिवार को छोड़कर छह दिन उपलब्ध रहेंगी।

हैदराबाद और भुवनेश्वर दोनों शहरों के लिए सप्ताह में तीन-तीन दिन उड़ान निर्धारित है। एलायंस एयर की सेवाएं सीमित रहेंगी। बिलासपुर के लिए उड़ान रविवार को जबकि वापसी सेवा शुक्रवार को संचालित होगी।

सोमवार को बेंगलुरु की उड़ान दोपहर 2:50 बजे, मुंबई की 3:15 बजे, भुवनेश्वर की 3:40 बजे और नई दिल्ली की शाम चार बजे रवाना होगी। मंगलवार और गुरुवार को हैदराबाद की उड़ान दोपहर 12:55 बजे संचालित होगी। एलायंस एयर की प्रयागराज से बिलासपुर उड़ान रविवार सुबह 10:15 बजे तथा प्रयागराज से दिल्ली की सेवा शुक्रवार दोपहर 12:40 बजे उड़ान भरेगी। जाड़े में कोहरे के कारण उड़ानों के समय में बदलाव संभव है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित